मशहूर पार्श्व गायक कृष्णकुमार कुन्नाथ (केके) की मंगलवार शाम, कोलकाता में लाइव शो के कुछ ही घंटों बाद मौत हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक शो के बाद केके को अचानक कार्डियक अरेस्ट हुआ था, जिसके बाद उन्हें कलकत्ता मेडिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीएमआरआई) ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। केके 53 साल के थे, उनकी मृत्यु ने पूरे देश को गमगीन कर दिया है।
हाल के वर्षों में कम उम्र में हार्ट अटैक के कारण होने वाली मौतों की श्रृंखला में यह एक और मामला है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शो का आयोजन बंद स्थान पर था। इसको लेकर उन्होंने आयोजकों से शिकायत भी की थी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक शो के दौरान भी वह अच्छा महसूस नहीं कर रहे थे, उन्हें बेचैनी और अत्यधिक पसीना आने की दिक्कत महसूस हो रही थी, जिसके कारण संभवत: उन्हें कार्डियक अरेस्ट हुआ। इस घटना के बाद सवाल उठने शुरू हो गए हैं कि क्या आयोजन खुले में न होने और अधिक भीड़ के कारण यह समस्या हुई? 40-50 आयुवर्ग वाले लोगों में हृदय की समस्याओं से मौत के मामले आखिर क्यों बढ़ते जा रहे हैं? आइए इस बारे में जानते हैं।