कोरोना महामारी से उबरे मरीज अगर ये सोच रहे हैं कि वे पूरी तरह ठीक हो गए हैं तो यह अति आत्मविश्वास उनके लिए दिक्कतें पैदा कर सकता है। कोरोना से ठीक होने के बाद भी लोगों की परेशानी खत्म नहीं हो रही है। उन्हें कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इन समस्याओं में सांस लेने में तकलीफ, थकान, बेचैनी, डिप्रेशन शामिल हैं। उन्हें फेफड़े और हार्ट संबंधी दिक्कतें भी हो रही हैं। ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में हुए शोध अध्ययन के मुताबिक, कोरोना से रिकवर होने वाले मरीजों में कई महीनों तक कोरोना वायरस का असर दिख रहा है। इलाज के बाद भी वे पूरी तरह ठीक नहीं हो पा रहे हैं। शोधकर्ताओं के मुताबिक, कोरोना संक्रमण के दो से तीन महीने बाद यह असर दिखना शुरू हो रहा है।