दुनिया के कई देशों में कोरोना के नए वैरिएंट्स की बढ़ती रफ्तार स्वास्थ्य विशेषज्ञों के लिए गंभीर चिंता का कारण बनी हुई है। हाल ही में सामने आए एक्सई वैरिएंट की संक्रामकता दर अब तक सबसे अधिक बताई जा रही है, रिपोर्ट्स में विशेषज्ञों ने आशंका जताई है कि यह वैरिएंट गंभीर समस्याएं उत्पन्न कर सकता है, ऐसे में सभी लोगों को इससे बचाव के उपायों को लेकर गंभीरता दिखानी होगी। भारत में भी इस नए वैरिएंट के अब तक दो मामले सामने आ चुके हैं, हालांकि एक मामले की अभी तक आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं की गई है।
देश में पिछले दिनों कोरोना के कम होते संक्रमण के बीच मास्क लगाने को लेकर अनिवार्यता हटा ली गई थी। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि जिस तरह की एक्सई वैरिएंट की प्रकृति है, इससे बचाव के लिए मास्क लगाना बहुत आवश्यक है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कहा है कि मास्क को कोरोनावायरस के सभी प्रकारों के खिलाफ सबसे प्रभावी उपाय माना जा रहा है, ऐसे में देश में मास्क के स्वैच्छिक उपयोग को बढ़ावा दिया जाना चाहिए जिससे नए वैरिएंट्स के प्रसार को रोका जा सके। आइए जानते हैं कि विशेषज्ञ इससे बचाव के लिए और किन बातों पर जोर दे रहे हैं।