फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

XE Variant: संक्रमण के बढ़ते खतरे के बीच विशेषज्ञों ने की यह खास अपील, बताया कैसे रख सकते हैं खुद को सुरक्षित?

Tue, 12 Apr 2022 03:58 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 6
कोरोना के नए वैरिएंट्स से बचाव के उपाय - फोटो : Pixabay
दुनिया के कई देशों में कोरोना के नए वैरिएंट्स की बढ़ती रफ्तार स्वास्थ्य विशेषज्ञों के लिए गंभीर चिंता का कारण बनी हुई है। हाल ही में सामने आए एक्सई वैरिएंट की संक्रामकता दर अब तक सबसे अधिक बताई जा रही है, रिपोर्ट्स में विशेषज्ञों ने आशंका जताई है कि यह वैरिएंट गंभीर समस्याएं उत्पन्न कर सकता है, ऐसे में सभी लोगों को इससे बचाव के उपायों को लेकर गंभीरता दिखानी होगी। भारत में भी इस नए वैरिएंट के अब तक दो मामले सामने आ चुके हैं, हालांकि एक मामले की अभी तक आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं की गई है।

देश में पिछले दिनों कोरोना के कम होते संक्रमण के बीच मास्क लगाने को लेकर अनिवार्यता हटा ली गई थी। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि जिस तरह की एक्सई वैरिएंट की प्रकृति है, इससे बचाव के लिए मास्क लगाना बहुत आवश्यक है।  स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कहा है कि मास्क को कोरोनावायरस के सभी प्रकारों के खिलाफ सबसे प्रभावी उपाय माना जा रहा है, ऐसे में देश में मास्क के स्वैच्छिक उपयोग को बढ़ावा दिया जाना चाहिए जिससे नए वैरिएंट्स के प्रसार को रोका जा सके। आइए जानते हैं कि विशेषज्ञ इससे बचाव के लिए और किन बातों पर जोर दे रहे हैं।
विज्ञापन

2 of 6
XE वैरिएंट से बचाव के लिए मास्क जरूरी - फोटो : Pixabay
स्वैच्छिक मास्क को बढ़ावा देना आवश्यक
कोरोना महामारी की शुरुआत के बाद से राज्य सरकारों ने अपने-अपने स्तर पर मास्क पहनने की अनिवार्यता और न पहनने पर जुर्माना निर्धारित किया था। हालांकि तीसरी लहर के बाद कम होते मामलों को देखते हुए इस नियम को वापस ले लिया गया है।

इस बीच फिर से कई स्थानों पर जिस तरह से संक्रमण की रफ्तार बढ़ती हुई देखी जा रही है, इसे ध्यान में रखते हुए विशेषज्ञों ने लोगों से स्वैच्छिक रूप से एहतियात बरतने की अपील की है। विशेषज्ञों का कहना है कि मास्क पहनकर संक्रमण से बचाव और इसके प्रसार को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।
विज्ञापन

3 of 6
कोरोना के नए वैरिएंट्स ने बढ़ाई चिंता - फोटो : Pixabay
डब्ल्यूएचओ का अलर्ट
हाल ही में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने नए एक्सई वैरिएंट को लेकर एक चेतावनी जारी करते हुए इसे अब तक का संभावित सबसे संक्रामक कोरोना वैरिएंट बताया था। अध्ययनों में पाया गया है कि एक्सई वैरिएंट, ओमिक्रॉन के दो सब-वैरिएंट्स के संयोजन से उत्पन्न हुआ है जो काफी तेजी से लोगों को संक्रमित कर सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि इससे घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सार्वजनिक रूप से मास्क के स्वैच्छिक उपयोग को बढ़ावा देना फिलहाल आवश्यक है। इसका प्रसार बढ़ा तो मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं।

4 of 6
कोरोना वायरस के नए वैरिएंट्स की संक्रामकता दर अधिक - फोटो : iStock
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
पब्लिक हेल्थ फाउंडेशन ऑफ इंडिया में प्रोफेसर और लाइफकोर्स एपिडेमियोलॉजी के प्रमुख गिरिधर. आर बाबू कहते हैं, जिस प्रकार की इस वैरिएंट की प्रकृति है ऐसे में मास्क लगाना इसके खिलाफ सबसे प्रभावी उपाय हो सकता है। मास्क के उपयोग के जनादेश की तरह लागू करने की बजाय, मास्क की उपलब्धता और मुफ्त वितरण को बढ़ाकर लोगों से इसके स्वैच्छिक उपयोग की अपील की जानी चाहिए। किसी बढ़ते खतरे को ध्यान में रखते हुए उससे पहले से बचाव शुरू कर देना जरूरी होता है। कई देशों से प्राप्त हो रहे डेटा चिंता बढ़ाने वाले हैं। 
विज्ञापन

5 of 6
कोविड एप्रोप्रिएट बिहेवियर का पालन जरूरी - फोटो : Pixabay
एक्सई वैरिएंट की संक्रामकता अधिक
मीडिया रिपोर्ट्स में स्वास्थ्य विशेषज्ञ वैश्विक स्तर पर इस समय ओमिक्रॉन के सब-वैरिएंट BA.2 और एक्सई वैरिएंट को तेजी से बढ़ता देख रहे हैं। यह दोनों वैरिएंट्स अपेक्षाकृत अधिक संक्रामकता वाले माने जाते हैं। प्रारंभिक अध्ययनों से संकेत मिलता है कि एक्सई वैरिएंट, ओमिक्रॉन BA.2 से भी 10 प्रतिशत अधिक संक्रामक हो सकता है। साथ ही इसके स्पाइक प्रोटीन में कुछ ऐसे लोप देखे गए हैं जो इसे जांच को चकमा देने के योग्य बनाते हैं। ऐसे में इससे बचाव को लेकर लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रहने के तरीके - फोटो : Pixabay
कैसे करें नए वैरिएंट्स से बचाव?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए लोगों को स्वत: बचाव के उपायों का पालन करते रहना चाहिए। मास्क पहनना, भीड़-भाड़ वाली जगहों पर अनावश्यक रूप से जाने से बचना, हाथों की स्वच्छता का ध्यान रखना और वैक्सीनेशन, कोरोना से बचाव के प्रभावी उपाय हो सकते हैं, जिसका सभी लोगों को लगातार पालन करते रहना चाहिए। संक्रमण को बढ़ने से रोकने में यही उपाय मदद कर सकते हैं। 

---------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें