जम्मू-कश्मीर में कोरोना की तीसरी लहर को रोकने के लिए व्यापक स्तर पर टीकाकरण अभियान को गति देने की तैयारी की जा रही है। शनिवार को पांच माह बाद जम्मू-कश्मीर के लिए अब तक की सबसे बड़ी खेप में केंद्र ने सात लाख कोविड वैक्सीन की डोज भेजी है। इसमें 68 हजार 800 कोविशिल्ड और बाकी कोवैक्सीन है। इससे पहले मार्च में टीकाकरण की शुरुआत पर बड़ी खेप आई थी। सितंबर तक प्रदेश में 22 लाख वैक्सीन की डोज पाने का लक्ष्य रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 1 से 5 सितंबर तक सभी सरकारी व निजी शिक्षकों और उनके परिवारवालों के लिए विशेष कोविड टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। प्रदेश प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को दूसरी डोज पर भी ध्यान केंद्रित करने पर जोर दिया है। सितंबर के पहले सप्ताह में शिक्षकों और उनके परिवारवालों के लिए चलाए जा रहे विशेष टीकाकरण अभियान के लिए सभी बीस जिलों के शिक्षा विभाग को लिखा गया है। इसके लिए शिक्षा विभाग की ओर से साइट उपलब्ध करवाई जाएंगी, जिन पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें टीकाकरण करेंगी।