आतंकी हमलों के बाद घाटी में पीएम पैकेज के तहत तैनात 70 फीसदी मुलाजिम जम्मू लौट आए हैं। कर्मचारियों ने कहा कि अनुच्छेद-370 हटने के समय कश्मीर घाटी में थोड़ा असुरक्षा का माहौल था। लेकिन समय के साथ हालात सामान्य होने लगे थे। कश्मीरी नागरिकों के साथ पीएम पैकेज के तहत कश्मीर संभाग के विभिन्न जिलो में तैनात कर्मचारियों में सुरक्षा का भाव बढ़ रहा था। जम्मू की तरह बेखौफ अपने रोजमर्रा के कामों में लग जाते थे। लेकिन लगातार हुए आतंकी हमलों ने इन सभी उम्मीदों को खत्म कर दिया और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया। 1990 जैसे हालात फिर से पैदा करने की कोशिश की जा रही है। यह बात पीएम पैकेज के तहत कश्मीर घाटी में तैनात एक सरकारी कर्मचारी ने कही। कर्मचारियों ने कहा कि कश्मीर संभाग में चार हजार के करीब युवा पीएम पैकेज के तहत सरकारी नौकरियों में हैं। सात अक्तूबर की घटना के बाद 70 फीसदी कर्मचारी जम्मू वापस लौट आए हैं।