जम्मू-कश्मीर में कोविड टीकाकरण को गति दी गई है। जम्मू जिले में हफ्ते में अब तीन दिन शॉपिंग मॉल और होटलों में पहुंचकर वहां मौजूद लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। इसमें शाम छह बजे से रात 10 बजे तक यह प्रक्रिया चलेगी। इसका उद्देश्य 100 फीसदी आबादी में टीकाकरण के लक्ष्य को जल्द पूरा करना है। जिला जम्मू में शुक्रवार, शनिवार और रविवार को बड़े होटलों और मॉल में पहुंचकर चिकित्सा टीमें टीकाकरण करेंगी। पहले चरण में वेव मॉल, बिग बाजार, सिटी केयर, होटल रेडिसन, वालमार्ट बेस्ट प्राइज और ईदन रेस्टोरेंट बाहु प्लाजा का चयन किया गया है। इन स्थलों पर शुक्रवार शाम से ट्रायल स्तर पर टीकाकरण अभियान शुरू किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी जम्मू डॉ. जेपी सिंह ने बताया कि जिले में पहली खुराक के लिए 90 फीसदी अनुमानित आबादी को कवर कर लिया गया है। इसमें 10 फीसदी बचे लोगों को प्राथमिकता स्तर पर टीकाकरण किया जा रहा है।