बोर्ड परीक्षाओं में हर बार बच्चों की तरफ से कई ऐसे जवाब लिखे जाते हैं जिन्हें पढ़कर पेपर चेक करने वाले अध्यापक भी लोटपोट हो जाते हैं। ऐसा ही कुछ हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा हाल ही में ली गई 10वीं व 12वीं की परीक्षाओं में भी हुआ। इन पेपर की इन दिनों मार्किंग चल रही है। पेपर चेक करने वाले अध्यापकों ने इस बार उत्तर पुस्तिकाओं में लिखे कुछ ऐसे जवाब बताएं जिन्हें पढ़कर उनका भी सिर घूम गया। एक छात्रा ने टीचर से पुकार लगाई है कि अगर वह पास न हुई तो उसके मम्मी-पापा उसकी शादी करवा देंगे। तो उसे पास कर दिया जाए।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर दो माह पूर्व हुई परीक्षाओं के बाद अब परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं की मार्किंग का काम चल रहा है। उत्तर पुस्तिकाओं में उत्तरों के अलावा कई अजीबोगरीब बातें भी सामने आई हैं। 12वीं की परीक्षा देने वाली एक छात्रा ने अपनी उत्तर पुस्तिका में एक प्रश्न के जवाब में लिखा है कि सर मेरी लाइफ में बहुत प्रॉब्लम चल रही हैं, पापा ने कहा है कि यदि अच्छे नंबरों से पास नहीं हुई तो शादी कर देंगे।