पुराने साल की विदाई और नए साल के जश्न के मद्देनजर सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने गोरखपुर नगर को आठ जोन में बांटा है। इस दौरान हुड़दंग करने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। ऐसे लोगों को जेल भी जाना पड़ सकता है। गोरखनाथ मंदिर, नौका विहार और कुसम्ही जंगल में विशेष चौकसी रहेगी। पार्किंग के लिए भी अलग से यातायात पुलिस टीम बनी है।
31 दिसंबर और नए साल पर एक जनवरी को लोग परिवार और दोस्तों के साथ निकलते हैं। इस मौके पर पुलिस परिवार, दोस्तों के साथ जश्न मनाने, घूमने-फिरने निकलने वालों को सुरक्षा देगी। गोरखपुर शहर के सभी मॉल, प्रमुख बाजार, सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस का पहरा रहेगा। वहीं, नए साल के आगाज में शराब पीकर बाइक चलाने वाले बाइकर्स व उत्पात मचाने वालों पर भी पुलिस की नजर रहेगी। जिससे इनकी वजह से किसी को असुविधा न हो। पुलिस की कई टीमें सड़कों, बाजारों, पार्कों, सार्वजनिक स्थानों पर तैनात रहेंगी।