जिला अस्पताल से निकलने के बाद मुख्यमंत्री बीआरडी मेडिकल कॉलेज जाएंगे और वहां कोविड एवं पोस्ट कोविड से निपटने की तैयारियों का जायजा लेंगे। मुख्यमंत्री वहां इंसेफेलाइटिस वार्ड एवं बच्चों के लिए बने अन्य वार्डों का भी निरीक्षण कर सकते हैं। मेडिकल कॉलेज में ही वह प्रशासनिक अधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग के साथ तीसरी लहर की आशंका के मद्देनजर चल रही तैयारियों की समीक्षा बैठक करेंगे। इसमें गोरखपुर के अधिकारी मौजूद रहेंगे जबकि गोरखपुर मंडल के अन्य जिलों और बस्ती मंडल के सभी जिलों के अफसर वर्चुअल जुड़ेंगे। मेडिकल कॉलेज से मुख्यमंत्री गोरखनाथ मंदिर जाएंगे।
26 को 200 बेड के कोविड अस्पताल का करेंगे शुभारंभ
मंगलवार को मंदिर में ही रात्रि विश्राम के बाद 26 मई को सुबह मुख्यमंत्री, महायोगी गुरु गोरखनाथ विश्वविद्यालय परिसर में बने कोविड अस्पताल का शुभारंभ करेंगे। बोइंग कंपनी के सहयोग से वहां 200 बेड का अस्पताल संचालित किया जा रहा है लेकिन वर्तमान समय में मरीजों की कम संख्या को देखते हुए शुरुआत 100 बेड से ही होगी। इस अस्पताल में ऑक्सीजन बनाने वाला प्लांट भी लगाया जाएगा मगर फिलहाल ऑक्सीजन सिलिंडर से ऑक्सीजन की आपूर्ति होगी। इसका संचालन केयर इंडिया करेगी। संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री वहां से देवरिया व कुशीनगर जिलों के दौरे पर भी जा सकते हैं।