Movie Review: लुका
कथा: एनरिको कैसारोसा, जेसी एन्ड्रूयज, सिमोन स्टीफेन्स
पटकथा: जेसी एनड्रूयस, माइक जोन्स
निर्देशक: एनरिको कैसारोसा
आवाजें: जैकब ट्रेम्बले, जैक डिलन ग्रेजर, एमा बर्मन, मार्को बैरिसेली, सैवेरियो रायमोंडो, माया रुडॉल्फ और जिम गैफिगन
ओटीटी: डिज्नी प्लस हॉटस्टार
रेटिंग: ***1/2
कैलीफोर्निया के एमरीविले स्थित पिक्सार एनीमेशन स्टूडियो के दो साल पहले भ्रमण के दौरान जितने भी दिग्गज निर्देशकों से मुलाकात हुई, सबने अपनी बातों में एक बात पर जोर जरूर दिया कि एनीमेशन की दुनिया इंसानी जज्बात को बयां करने का सबसे सशक्त माध्यम है। ये बातें दोस्ती की हो सकती हैं, रिश्तों की हो सकती हैं, परिवार और समाज की भी हो सकती है। लेकिन, ये सारी बातें सच्ची सी होती हैं और शायद तभी देखने वाले को अच्छी लगती हैं। ऑस्कर पुरस्कार विजेता फिल्म ‘सोल’ के बाद पिक्सार ने अपनी नई फिल्म ‘लुका’ सीधे ओटीटी पर रिलीज की है। देखने लायक तो ये फिल्म बड़े परदे पर ही है लेकिन अगर आपके पास बड़ा सा स्मार्ट टीवी है और बढ़िया म्यूजिक सिस्टम है तो इस संडे माइक्रोवेव में पॉपकॉर्न भूनकर फुर्सत के दो घंटे बिताने का इससे अच्छा नया सिनेमा और कोई नहीं है।