मुंबई फिल्म जगत में केवल यूनियन के सदस्यों को ही काम करने देने और ‘मेंबर टू मेंबर’ काम करने की व्यवस्था अब खत्म हो गई है। अब किसी भी कलाकार, तकनीशियन या निर्देशक को फिल्म जगत में काम करने के लिए किसी ट्रेड यूनियन का सदस्य होने की जरूरत नहीं है। मुंबई में फिल्म, टीवी, वेब सीरीज व अन्य मनोरंजन सामग्री के निर्माण का काम करने वाले निर्माताओं ने इस बाबत एक संयुक्त बयान जारी करके इसकी घोषणा की है। फिल्म निर्माताओं की पांच संस्थाओं ने इसे लागू करने के लिए मीडिया एंड एंटरटेनमेंट प्रोड्यूसर्स कोआर्डिनेशन कमेटी (एमईपीसीसी) भी बनाई है। अब किसी भी निर्माता के सेट या लोकेशन पर किसी भी ट्रेड या लेबर यूनियन की तरफ से व्यवधान डालने पर स्थानीय प्रशासन व पुलिस में तुरंत शिकायत दर्ज कराने की बात भी इस बयान में कही गई है।