दिल्ली की प्रसिद्ध लवकुश रामलीला में इन दिनों सीता बनकर वाहवाही लूट रहीं फिल्म अभिनेत्री समीक्षा भटनागर की एक नई फिल्म ‘भ्रामक’ इन दिनों हिंदी फिल्म जगत में चर्चा का विषय बनी हुई है। महिलाओं के मानसिक स्वास्थ्य के बारे में बात करने वाली फिल्म ‘भ्रामक’ को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर जिन लोगों ने भी देखा, इसकी खूब सराहना की। समीक्षा इस फिल्म के साथ ही निर्माता भी बन गई हैं। डायरेक्टर मधुर भंडारकर की फिल्म ‘कैलेंडर गर्ल्स’ से हिंदी सिनेमा में डेब्यू करने वाली समीक्षा को अभिनेता सनी देओल और एक्टर बॉबी देओल की फिल्म ‘पोस्टर ब्वॉयज’ से खासी शोहरत मिली थी। टेलीविजन का वह बड़ा नाम रही हैं। ‘बालवीर’, ‘देवों के देव महादेव’, ‘कुमकुम भाग्य’ जैसे तमाम हिट धारावाहिकों में नजर आ चुकीं समीक्षा का रंगमंच से पुराना लगाव रहा है और मशहूर नाटक ‘रोशोमन ब्लूज’ में वह एक पत्रकार के किरदार में नजर आ चुकी हैं।