कहते हैं दुनिया से जाने वाला चला जाता है लेकिन अपने पीछे सभी को अकेला छोड़ जाता है। ऐसा ही मंदिरा बेदी के साथ भी हुआ। आज मंदिरा बेदी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। आज उनके पति राज कौशल का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है। सोशल मीडिया पर राज के अंतिम संस्कार की कई तस्वीरें सामने आई हैं। इनमें से कुछ तस्वीरों में आप देख सकेंगे कि मंदिरा अपने पति की अर्थी उठाती नजर आई थीं।
अंतिम यात्रा में भी पति राज के साथ नजर आईं मंदिरा बेदी
भारतीय समाज में यह धारणा है कि महिलाएं किसी भी व्यक्ति की अंतिम यात्रा में शामिल नहीं होती हैं। ऐसे में मंदिरा का यह कदम उन विचारों से आगे बढ़ने की ओर प्रेरित करता है। दोनों की पहली मुलाकात से लेकर शादी और फिर ये अंतिम जुदाई बिल्कुल किसी फिल्मी कहानी की तरह रही है। मंदिरा आखिर समय तक अपने पति के साथ थीं। बता दें, राज को बुधवार सुबह करीब चार बजे दिल का दौरा पड़ा। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी और उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। यह समय मंदिरा के परिवार के लिए तो कठिन है ही साथ ही पूरी फिल्म इंडस्ट्री में भी शोक की लहर दौड़ गई है।