निर्माता सुजॉय घोष की मिराज एंटरटेनमेंट के साथ बनने जा रही फिल्म ‘उमा’ में लीड रोल निभाने का मौका चर्चित अभिनेत्री काजल अग्रवाल को मिलने जा रहा है। इस रोल के लिए भूमि पेडनेकर से लेकर तमन्ना भाटिया तक के नाम चर्चा में रहे हैं लेकिन पता चला है कि सुजॉय ने काजल अग्रवाल के नाम पर मोहर लगा दी है। काजल ने भी ये फिल्म साइन करने की पुष्टि की है। पिछले साल कोरोना काल में ही मिराज एंटरटेनमेंट ने सुजॉय घोष के साथ दो फिल्में बनाने का एलान किया था। कंपनी ने तब एक बयान में बताया था कि मिराज एंटरेटेनमेंट सुजॉय के साथ जो दो फिल्में बनाने वाली है उसमें से एक फिल्म सुजॉय खुद निर्देशित करेंगे। ये फिल्म मशहूर साहित्यकार रबींद्र नाथ टैगोर की कहानी ‘काबुलीवाला’ पर बनेगी और इसकी पूरी शूटिंग लंदन में होने वाली है।