शबाना आजमी, डीनो मोरिया
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
वेब सीरीज ‘द एम्पायर’ में वरिष्ठ अभिनेत्री शबाना आजमी बाबर की दादी एसान दौलत का किरदार कर रही हैं। वह कहती हैं, ‘इस सीरीज को करने के उनके तमाम लालच रहे हैं। एक तो ये कि उन्हें अरसे बाद कोई ऐसा राजसी किरदार करने को मिल रहा था और दूसरे इसके संवाद। मुझे उर्दू जुबान बहुत पसंद है और बहुत दिनों बाद मुझे वेब सीरीज ‘द एम्पायर’ में उर्दू में बात करने का मौका मिला।’ ये पूछे जाने पर कि एक महिला किंगमेकर का किरदार उनके लिए कितना मायने रखता है, शबाना कहती हैं, ‘हां, इतिहास में जहां भी किंगमेकर्स का जिक्र आता है आमतौर पर ये पुरुष ही होते हैं, लेकिन यहां एक ऐसी कहानी मेरे पास आई जिसमें ये काम एक महिला करती है और वह भी पूरी आन बान और शान के साथ।’ शबाना ने ये भी बताया कि सिर्फ उनका किरदार ही नहीं बल्कि सीरीज के दूसरे महिला किरदारों को भी बहुत करीने से गढ़ा गया है।