बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार दिलीप कुमार अब सिर्फ एक याद बन चुके हैं। इसी साल 7 जुलाई को वो हमेशा हमेशा के लिए इस दुनिया से चले गए और अपने पीछे छोड़ गए कुछ ऐसे किस्से कहानियां जो उन्हें प्यार करने वालों के लिए किसी जागीर से कम नहीं है। 11 अक्तूबर को दिलीप कुमार और सायरा बानो ने शादी की थी और आज उनकी 56वीं सालगिरह है लेकिन ये पहला मौका है जब इसे मनाने के लिए सायरा के साथ दिलीप कुमार नहीं है। टूटते रिश्तों के बीच दिलीप और सायरा की जोड़ी ऐसी रही है जिसने प्यार की मिसाल कायम की है। किसी से शादी करना और फिर उसी का हो जाना ऐसी चाहत निभाने का दम हर किसी में नहीं होता लेकिन सायरा के लिए ये बस ऐसे रहा जैसे सांस लेना।
यूं बन गए दिलीप और सायरा एक नाम
सायरा बानो महज 12 साल की थीं जब वो दिलीप कुमार से प्यार करने लगी थीं और उन्होंने सोचा था कि एक दिन वो उन्हें अपना बना लेंगी। दिलीप को भी शायद नहीं पता रहा होगा कि एक ऐसी लड़की भी उनका इंतजार कर रही है जिसके लिए दुनिया में उनके अलावा कोई और मायने नहीं रखता। हालांकि फिल्मी पर्दे पर कुछ ऐसा भी हुआ था जब दिलीप कुमार ने सायरा बानो के साथ फिल्म में काम करने से इनकार कर दिया था।