बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। उन्होंने फिल्मी जगत में एक लंबा सफर तय किया है। 11 अक्तूबर को अमिताभ बच्चन का 79वां जन्मदिन है। इस उम्र में भी वह फिल्मी दुनिया में सक्रिय हैं। उन्होंने साल 1969 में रिलीज हुई फिल्म ‘सात हिंदुस्तानी’ में बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद अमिताभ बच्चन ने एक से एक हिट फिल्में दीं, जिसमें ‘शोले’, ‘अमर अकबर एंथोनी’, ‘आनंद’, ‘जंजीर’, ‘अभिमान’, ‘दीवार’, ‘मुकद्दर का सिकंदर’, ‘शक्ति’ समेत कई फिल्में शामिल हैं। इन फिल्मों की वजह से आज उन्हें बॉलीवुड का ‘शहंशाह’ कहा जाता है।
अमिताभ बच्चन ने बॉलीवुड में अपने शानदार काम की वजह से नाम के साथ-साथ दौलत भी खूब कमाई है। लेकिन हर आम इंसान की तरह अमिताभ बच्चन ने भी अपने करियर में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। अमिताभ बच्चन की जिंदगी में एक समय ऐसा आया था, जब लाखों-करोड़ों की प्रोपर्टी के मालिक बिग बी ने खुद को दीवालिया घोषित कर दिया था। इतना ही नहीं, कर्जदार अमिताभ बच्चन के दरवाजे तक पहुंच गए थे।