दीपक उर्फ राजू नामक बदमाश खुद को जितेंद्र उर्फ गोगी का जीजा बताकर उसे चिढ़ाता था। दरअसल जितेंद्र गोगी की रिश्ते की बहन से दीपक का प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इस बात पर दीपक मजाक में गोगी को चिढ़ाता था। चूंकि दीपक टिल्लू गैंग का बेहद नजदीकी था, इसलिए गोगी ने दीपक की गोली मारकर हत्या कर दी। इसकी हत्या के बाद टिल्लू ने गोगी की हत्या की कसम खाई। इसी रंजिश में टिल्लू ने गोगी के करीबी अरुण उर्फ कमांडो को मार दिया। इसके बाद दोनों के बीच और दुश्मनी बढ़ गई। लगातार दोनों गैंग एक दूसरे पर हमले करते रहे। दर्जनों लोगों ने इसमें अपनी जान गंवा दी। अब गोगी की मौत के बाद माना जा रहा है कि उसके गुर्गे मौत का बदला लेने के लिए टिल्लू गैंग के लड़कों पर हमला कर सकते हैं।