अजय माकन तीन बार लगातार 1993, 1998 और 2003 में दिल्ली से विधायक रहे हैं। माकन 2003 में दिल्ली विधानसभा के स्पीकर नियुक्त किए गए और इस तरह वह भारत की किसी भी विधानसभा में नियुक्त होने वाले सबसे युवा स्पीकर बन गए। 2003 में उनकी आयु 39 वर्ष थी।
1999 में अजय माकन दिल्ली की तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के संसदीय सचिव बनने के साथ ही वह सीएम के प्रमुख सलाहकार और सभी परेशानियों को खत्म करने वाले भी बने। जब 2015 में आम आदमी पार्टी की ऐतिहासिक जीत हुई उसके बाद अजय माकन को कांग्रेस का दिल्ली अध्यक्ष बनाया गया। वह सदर बाजार से उम्मीदवार के तौर पर चुनाव में उतरे और कांग्रेस के सीएम पद का चेहरा भी रहे।
चुनाव में करारी हार के बाद अजय माकन ने कांग्रेस के जनरल सेक्रेटरी के पद से इस्तीफा दे दिया। उस वक्त पूर्व सीएम शीला दीक्षित ने कांग्रेस की हार का ठीकरा माकन पर ही फोड़ा था जिसका उन्होंने बहुत गुस्से में जवाब दिया था।
अजय माकन का निजी जीवन भी बेहद दिलचस्प है। अजय माकन स्वतंत्रता सेनानी और राजनेताओं के परिवार से आते हैं। उनके परदादा का नाम जगत राम और दादा का नाम ओपी माकन है। ये दोनों ही स्वतंत्रता सेनानी थे और गुजरात जिले के हरिया कस्बे के मूल निवासी थे। अब यह जगह पश्चिमी पाकिस्तान में है।
अजय माकन के पिता का नाम सीपी माकन और मां का नाम संतोष माकन है। माकन की शादी राधिका माकन से हुई है। उनके तीन बच्चे हैं, बेटा ओजस्वी और दो बेटियां आरुषि और अहाना। अजय माकन की पढ़ाई दिल्ली के सेंट जेवियर स्कूल में हुई।
उन्होंने बीएससी केमिस्ट्री ऑनर्स से दिल्ली यूनिवर्सिटी से किया। दिल्ली विश्वविद्यालय ही वो जगह है जहां से माकन ने राजनीति की शुरुआत की। वह 1985 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ के अध्यक्ष बने। हालांकि राष्ट्रीय राजनीति में आने से पहले वह बिजनेसमैन थे।
अजय माकन ने डीयू छात्रसंघ के अध्यक्ष के तौर पर 1985 में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। उनके चाचा सत्य प्रकाश माकन और ललित माकन राजनीति में बड़ा नाम थे, इसके चलते माकन को राजनीति में आने में कोई परेशानी नहीं हुई। अपने चाचा ललित माकन की मौत के बाद उन्हें दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन ट्रेड यूनियन का अध्यक्ष चुन लिया गया।
सीएनजी
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद माकन ने ही दिल्ली में सीएनजी बेस्ड सार्वजनिक यातायात की व्यवस्था करवाई थी, जिससे दिल्ली की वायुगुणवत्ता में काफी सुधार हुआ।
बिजली के क्षेत्र में काम
गैस बेस्ड 330 मेगावाट की प्रगति पावर प्रोजेक्ट पाने में माकन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। बिजली मंत्री रहते हुए इतने इंतजाम किए जिससे दिल्ली में बिजली की सप्लाई नियमित व निर्बाध रूप से हो सके।
ट्रांसपोर्ट मंत्रालय
इलेक्ट्रॉनिक मीटर लगवाने के साथ ही यात्रियों के लिए हेल्पलाइन नंबर की सुविधा मुहैया कराने जैसा महत्वपूर्ण काम माकन ने ही किया।