गाजियाबाद के साहिबाबाद विधानसभा चुनाव में भाजपा विधायक सुनील शर्मा को टिकट देने के विरोध में रविवार को इंदिरापुरम थाने पर पूर्वांचल-बिहार के 50 से अधिक लोगों ने करीब 20 मिनट तक हंगामा किया। लोगों ने प्रत्याशी के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। थाने के गेट पर पुलिस की लोगों से नोकझोंक भी हुई। उधर, संगठन के पदाधिकारी अमित किशोर ने बदसलूकी का आरोप लगाकर इंदिरापुरम थाना प्रभारी को निलंबित करने की मांग की है। वहीं बिना अनुमति सभा करने पर पुलिस तीन नामजद समेत 25 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
लोगों ने रविवार को सेक्टर-4 महावीर वाटिका में (ट्रैफिक लाइट) के पास विधायक सुनील शर्मा को दोबारा प्रत्याशी बनाए जाने पर आमसभा की। सभा में दोपहर करीब साढ़े 12 बजे से ही लोग एकत्र होने लगे। बताया गया कि एकत्र लोग पूर्वांचल, बिहार और प्रवासी के संगठन के हैं।