बाहरी उत्तरी जिला साइबर सेल ने जिगोलो का काम दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक गैंग का खुलासा किया है। आरोपी रोहिणी इलाके में कॉल सेंटर चलाकर ठगी को अंजाम दे रहे थे। पुलिस गैंग के सरगना को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फर्जी कॉल सेंटर में टेली कॉलर के तौर पर काम कर रही आठ युवतियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए नोटिस भेजा है। सरगना दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक है और कई कॉल सेंटर में काम कर चुका है। शुरूआती जांच में पचास से अधिक लोगों से ठगी की बात सामने आई है। पुलिस सरगना से पूछताछ कर जांच कर रही है।
जिला पुलिस उपायुक्त बृजेंद्र सिंह ने बताया कि कॉल सेंटर से 12 मोबाइल फोन, पेटीएम एप्लिकेशन चलाने के लिए इस्तेमाल एक एंड्रॉइड फोन, पीड़ितों और उनके लेन-देन का विवरण रखने के लिए इस्तेमाल 16 नोटबुक, कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज करने वाला रजिस्टर और कार्य सुखपावर नाम की गोलियों की 05 बोतलें और स्प्रे की 05 बोतलें बरामद की है। इसके अलावा पुलिस ने करीब 68 हजार रुपये की लेन-देन में इस्तेमाल पेटीएम खाते को फ्रीज किया है।