जम्मू-कश्मीर में आतंकियों से मुठभेड़ में शहीद हुए सैनिक योगंबर सिंह का पार्थिव शरीर रविवार को उनके पैतृक आवास पर पहुंचा। राजकीय सम्मान के साथ पैतृक घाट पर शहीद का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान 'भारत माता की जय' के नारे लगाए गए। 26 वर्षीय शहीद योगंबर सिंह 17 गढ़वाल राइफल्स के 48 आरआर के जवान थे। शहीद योगंबर पुत्र बीरेंद्र सिंह भंडारी विगत 14 अक्टूबर की शाम को जम्मू-कश्मीर के पुंछ में देश रक्षा करते हुए शहीद हो गए थे। रविवार की सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर सेना के वाहन से तिरंगे में लिपटा हुआ उनका पार्थिव शरीर पोखरी होते हुए पैतृक गांव सांकरी पहुंचा। इस दौरान रास्ते भर में लोगों ने जगह-जगह उनके पार्थिव शरीर पुष्प वर्षा की। लोगों ने 'जब तक सूरज चांद रहेगा योगंबर तेरा नाम याद रहेगा, पाकिस्तान मुर्दाबाद' के नारे लगाए। जैसे ही दर्शनार्थ उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे।