दो दिन पहले उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत के पूर्व सीएम त्रिवेंद्र रावत पर आजकल खाली होने और पौधे लगाने के बयान के बीच अब त्रिवेंद्र सामने आए हैं। उन्होंने अपने अंदाज में कटाक्ष करते हुए कहा कि इस चुनावी बयार में हल्के-फुल्के और सूखे पत्ते इधर से उधर जाते हैं। जब पूर्व सीएम त्रिवेंद्र से कांग्रेस से आए नेताओं की वापसी की अटकलों पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि, जब चुनावी बयार चलती है तो बयार में जो हल्के फुल्के सूखे पत्ते होते हैं। वो इधर से उधर उड़ते हुए चलते रहते हैं। उधर से हवा इधर चलती है तो इधर भी उड़कर चले आते हैं। यह चुनावी बयार का असर है। त्रिवेंद्र ने कहा कि विजय बहुगुणा ने कहा था कि कुछ जा रहे हैं तो हमारे कुछ आ भी रहे हैं। बहुगुणा सीनियर लीडर हैं। उनका पॉलिटिकल अनुभव है। उनकी बात का विश्वास करना चाहिए। आपको बता दें कि इससे पहले भी त्रिवेंद्र और हरक के बीच कई बार जुबानी जंग चली है। इससे पहले हरक की ढैंचा मामले में बयानबाजी के बीच त्रिवेंद्र ने कहा था कि जो गधा होता है, वह ढेंचू-ढेंचू करता है। हालांकि बाद में दोनों नेताओं के बीच यह जंग थम गई थी जो एक बार फिर शुरू हो गई है।