Mysterious Temples: भारत में कई बेहद सुंदर और प्रसिद्ध मंदिर है। इनमें कई ऐसे मंदिर हैं, जो रहस्यमयी हैं। देवी-देवताओं में आस्था रखने वाले लोगों का मानना है कि यह सब भगवान की कृपा है, जबकि कई लोगों के लिए यह आश्चर्य का विषय है। भारत के इन रहस्यमयी मंदिरों के रहस्य से आज तक पर्दा नहीं उठ पाया है। आज हम आपको कुछ ऐसे ही मंदिरों के बारे मे बताते हैं, जो अपने रहस्यों की वजह से प्रसिद्ध हैं।
तिरुपति बालाजी मंदिर
तिरुपति बालाजी मंदिर भगवान विष्णु को समर्पित है। यह मंदिर आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में तिरुमला पर्वत पर स्थित है और यह भारत के मुख्य तीर्थ स्थलों में से एक है। तिरुपति बालाजी का वास्तविक नाम श्री वेंकटेश्वर स्वामी है, जो स्वयं भगवान विष्णु हैं। धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, भगवान श्री वेंकटेश्वर अपनी पत्नी पद्मावती के साथ तिरुमला में निवास करते हैं। मान्यता है कि जो भी भक्त सच्चे मन से भगवान वेंकटेश्वर के सामने प्रार्थना करते हैं, उनकी सभी मुरादें पूरी हो जाती हैं। भक्त अपनी श्रद्धा के मुताबिक, यहां आकर तिरुपति मंदिर में अपने बाल दान करते हैं। इस अलौकिक और चमत्कारिक मंदिर से कई रहस्य जुड़े हुए हैं।