भारत में राजा, महाराजा और नवाबों की जीवनशैली हमेशा चर्चा में बनी रहती है। अपने अजीबोगरीब शौक के लिए रजवाड़े और नवाब भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में मशहूर थे। इन लोगों के शौक और उसके लिए खर्च किए जाने वाले पैसों के बारे में जानकर ऐसा कोई भी नहीं होगा, जो दंग ना रह जाए। किसी राजा ने कुड़ा फेंकने के लिए शाही कार रोल्स रॉयस खरीद लिया, तो कोई डायमंड को ही पेपरवेट के रूप में इस्तेमाल करते थे। इन्हीं शौकीनों में से एक थे जूनागढ़ के नवाब, महाबत खान। महाबत खान को कुत्तों से खास लगाव था।
कुत्ते पालने के शौकीन जूनागढ़ के नवाब महाबत खान ने तकरीबन 800 कुत्ते पाल रखे थे। इतना ही नहीं इन सभी कुत्तों के लिए अलग-अलग कमरे, नौकर और टेलीफोन की व्यवस्था रखी गई थी। अगर किसी कुत्ते की जान चली जाती, तो उसको तमाम रस्मों-रिवाज के साथ कब्रिस्तान में दफनाया जाता और शव यात्रा के साथ शोक संगीत बजता।