फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

साप्ताहिक राशिफल (06 से 12 सितंबर): इस हफ्ते क्या कहते हैं आपके सितारे, किसको मिलेगा भाग्य का साथ

Sun, 05 Sep 2021 07:10 AM IST
विनोद शुक्ला ज्योतिष डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 12
साप्ताहिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला

मेष
मेष राशि के जातकों को इस सप्ताह सौभाग्य का पूरा साथ मिलेगा। कार्यक्षेत्र में आप पूरी ऊर्जा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। सीनियर्स आपके काम की तारीफ करेंगे। घर परिवार में भी छोटे भाई-बहनों का पूरा सहयोग मिलेगा लेकिन सप्ताह के मध्य में आपको खूब सतर्क रहना होगा। किसी बात को लेकर घर के किसी सदस्य से आपका विवाद हो सकता है। इस दौरान व्यापार संबंधी कोई निर्णय खूब सोच-समझ कर लें। अगर आप शेयर बाजार आदि से जुड़ाव रखते हैं तो आपको बहुत ज्यादा सावधानी रखनी होगी। इस दौरान आप बिना मांगे किसी को राय न दें, अन्यथा आपको अपमानित होना पड़ सकता है। प्रेम-संबंधों में सोच-समझकर कदम आगे बढ़ाएं। जीवनसाथी की भावनाओं की उपेक्षा न करें। इस सप्ताह आप अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखें। मौसमी बीमारियों के शिकार हो सकते हें।

उपाय: मंगलवार के दिन हनुमान जी को सिंदूर चढ़ाएं और प्रतिदिन हनुमान चालीसा का पाठ करें।

विज्ञापन

2 of 12
राशि

वृषभ

इस सप्ताह आपको सामाजिक एवं व्यावसायिक दृष्टि से लाभ मिलने का पूरा योग है। पूर्व में किये गये धन निवेश से आर्थिक लाभ होगा। कारोबारियों को बाजार में फंसा पैसा अप्रत्याशित रूप से मिल जाएगा। कार्यक्षेत्र में उच्च अधिकारियों के साथ अच्छे संबंध रहेंगे। घर-परिवार में सभी का पूरा सहयोग मिलेगा। विवाह योग्य संतान की शादी की बात बन जाने से घर में खुशियों का माहौल रहेगा। प्रेम संबंधों में मजबूती आयेगी और लव पार्टनर के साथ आप अपनी भावनाओं को खुलकर इजहार कर पाएंगे। भूमि-भवन के क्रय-विक्रय से लाभ होगा। सप्ताह के अंत में अचानक से लंबी या छोटी दूरी की यात्रा करनी पड़ सकती है। इस दौरान घर के किसी बुजुर्ग की सेहत को लेकर मन चिंतित रहेगा। छात्रों का मन भी पढ़ाई से उचट सकता है।

उपाय : किसी धर्मस्थल पर जाकर धन एवं श्रम दान करें। प्रतिदिन गायत्री मंत्र का जप करें। 

 

विज्ञापन

3 of 12
मिथुन

मिथुन

मिथुन राशि के जातकों को इस सप्ताह अपनी वाणी और व्यवहार पर नियंत्रण रखना चाहिए। सप्ताह की शुरुआत में ही किसी बात को लेकर परिजन या फिर जीवनसाथी के साथ तकरार हो सकती है। प्रेम संबंधों में भी कुछेक गलतफहमियां पैदा हो सकती हैं। कार्यक्षेत्र में सीनियर्स एवं जूनियर्स का सहयोग कम मिल पाएगा। ऐसे में इस सप्ताह आपको कोई भी निर्णय या काम खूब सोच-समझकर करना चाहिए। आर्थिक प्रबंधन करके चलें क्योंकि पैसा कब आयेगा और कब चला जाएगा आपको पता भी नहीं चलेगा। यदि आप नौकरी में बदलाव की सोच रहे हैं तो आपके लिए यह समय सही नहीं है। सप्ताह के मध्य में लंबे समय से अटके किसी सरकारी कार्य के पूरे होने से राहत महसूस करेंगे। इस दौरान रोजी-रोजगार की दिशा में भी प्रयास सफल होंगे। 

उपाय : प्रतिदिन गणपति की साधना करें। बुधवार के दिन 108 दूर्वा दल लेकर 'ॐ गं गणपतये नम:' मंत्र के साथ श्री गणेश जी को चढ़ाएं।

4 of 12
राशि

कर्क
कर्क राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिलाजुला साबित होगा। सप्ताह की शुरुआत में जहां परिजन और मित्रों का पूरा सहयोग मिलेगा तो वहीं सप्ताह के उत्तरार्ध में कार्यक्षेत्र में अपनों की चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। इस दौरान आपको धैर्य के साथ अपने कार्यों को अंजाम देना चाहिए। राजनीति से जुड़े लेाग यदि किसी बड़े पद की प्राप्ति का इंतजार कर रहे थे तो वह ठंठे बस्ते में जा सकता है। मार्केटिंग और कमीशन पर काम करने वालों के लिए यह समय चुनौतीपूर्ण रहेगा। हालांकि इस कठिन परिस्थितियों के बीच आपको अपने जीवनसाथी या फिर लव पार्टनर का पूरा साथ मिलेगा। प्रेम संबंधों में प्रगाढ़ता आयेगी। सप्ताह के अंत में मौसमी बीमारियों से सतर्क रहें।

उपाय: प्रतिदिन शिवलिंग पर गंगाजल चढ़ाएं एवं शिव चालीसा का पाठ करें।

विज्ञापन

5 of 12
राशि

सिंह
सिंह राशि के जातकों को इस सप्ताह इष्ट-मित्रों का पूरा सहयोग मिलेगा। किसी प्रिय व्यक्ति की मदद से आय के नये स्रोत बनेंगे। कारोबार में छोटे निवेश लाभ देंगे। नौकरीपेशा लोगों को अन्य स्रोतों से आमदनी होगी। पैतृक संपत्ति से जुड़ा विवाद किसी प्रभावी व्यक्ति की मदद से समाप्त होगा। अविवाहित संतान के विवाह की संभावनाएं बनेंगी। प्रेम संबंधों में प्रगाढ़ता आयेगी और संभव है कि परिजन आपके प्रेम संबंधों को स्वीकार कर लें। सप्ताह के अंत में घर की मरम्मत या सुख-सुविधाओं से जुड़ी चीजों पर अधिक धन खर्च हो जाने पर मन थोड़ा चिंतित रहेगा। सप्ताह के अंत में लंबी या छोटी दूरी की यात्रा का प्रोग्राम बन सकता है लेकिन सफर के दौरान अपनी दवाईयां साथ रखना न भूलें क्योंकि इस दौरान पुराने रोग उभर सकते हैं।

उपाय: उगते हुए सूर्य को नमस्कार करें और प्रतिदिन पूजा में आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ करें।

विज्ञापन

6 of 12
राशि

कन्या

कन्या राशि के जातकों के लिए इस सप्ताह अपने विवेक का पूरा प्रयोग करना होगा और जोखिम भरे कार्यों से बचना होगा। कार्यक्षेत्र में लोगों के बहकावे में आने से भी बचना होगा। साथ ही पास के फायदे में दूर का नुकसान करने से भी बचना होगा। जैसे भूमि-भवन से संबंधित कोई निर्णय जल्दबाजी में न लें। यदि आप पार्टनरशिप में कोई काम करते हैं तो धन संबंधी सभी मामलों को क्लीयर करते हुए आगे बढ़ें। सप्ताह के मध्य में भाई अथवा बहन की सेहत को लकर मन चिंतित रहेगा। इस दौरान कामकाजी महिलाओं को थोड़ा अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। ससुराल पक्ष से सहयोग न मिलने पर मन खिन्न रहेगा। प्रेम संबंधों में सोच-समझकर कदम बढ़ाएं, अन्यथा सामाजिक बदनामी मिल सकती है। वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं। चोट-चपेट लगने की आशंका है।

उपाय : गणेश जी की उपासना करें और प्रतिदिन गण्पति अथर्वाशीर्ष का प्रतिदिन पाठ करें या फिर किसी भी माध्यम से सुनें।

विज्ञापन

7 of 12
राशि

तुला

तुला राशि के जातकों को इस सप्ताह दूसरों के भरोसे किसी कार्य को करने से बचना चाहिए, अन्यथा धोखा हो सकता है। कठिन परिश्रम एवं समय का प्रबंधन करने पर ही आपको कार्यों में सफलता मिलने के योग बनेंगे। नौकरीपेशा लोगों का तबादला या फिर कार्यक्षेत्र में बदलाव हो सकता है। सप्ताह के मध्य में कारोबार के सिलसिले में लंबी या छोटी दूरी की यात्रा करनी पड़ सकती है। यात्रा में अपने सेहत और सामान का पूरा ध्यान रखें। इस दौरान आपको लोगों के साथ तर्क-वितर्क करने से बचना चाहिए। प्रेम संबंधों में अपने लव पार्टनर की भावनाओं की उपेक्षा करने से बचें। जीवनसाथी की सेहत को लेकर मन चिंतित रहेगा। इस सप्ताह आपको अपने खान-पान का विशेष ख्याल रखना होगा, अन्यथा पेट से संबंधित समस्या हो सकती है।

उपाय: दूध, दही, चीनी आदि का दान करें। 'ॐ श्रीं श्रियै नम:' मंत्र की प्रतिदिन एक माला जप करें। 

 

8 of 12
राशि

वृश्चिक

वृश्चिक राशि के जातकों को इस सप्ताह तब तक कोई नया काम हाथ में नहीं लेना चाहिए जब तक कि आप पुराने कार्यो का निबटारा न करे लें अन्यथा दोनों काम बिगड़ सकते हैं। पूरे सप्ताह आय के मुकाबले व्यय की अधिकता बनी रहेगी, इसलिए सोच-समझकर पैसे खर्च करें। सप्ताह के मध्य में विदेश से जुड़े कार्य करने वालों के लिए समय अच्छा रहेगा। इस दौरान बच्चों और जीवनसाथी के साथ घूमने-फिरने का प्रोग्राम बन सकता है। आपकी यह यात्रा सुखद और आनंददायक होगी। प्रेम संबंधों में प्रगाढ़ता आयेगी और लव पार्टनर के साथ बेहतर समय बिताने के मौके मिलेंगे। सप्ताह के अंत में सुख-सुविधाओं से जुड़ी किसी चीज का क्रय कर सकते हैं। सेहत की दृष्टि से बात करें तो छोटी-मोटी स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं, लेकिन उसकी अनदेखी बिल्कुल न करें।

उपाय: हनुमान जी की उपासना करें और मंगल स्तोत्र का पाठ करें।

9 of 12
राशि

धनु

धनु राशि वालों को इस सप्ताह समय का प्रबंधन करने की आवश्यकता रहेगी। अचानक से आपके पास कार्यों का बड़ा बोझ आ सकता है। ऐसे में आपको धैर्य के साथ चीजों को निबटना होगा। आर्थिक दृष्टि से यह सप्ताह आपके लिए काफी लाभदायक साबित होने जा रहा है। विभिन्न स्रोतो से आय के योग बनेंगे। परिवार के सदस्यों के बीच आपसी प्रेम बढ़ेगा। सप्ताह के मध्य में संतान की किसी बड़ी उपलब्धि से घर में खुशियों का माहौल रहेगा। जीवनसाथी का पूरा सहयोग मिलेगा और उसके साथ खुशी के पल बिताने का अवसर मिलेगा। यदि आप किसी के सामने अपने प्रेम का इजहार करना चाह रहे हैं तो किसी महिला मित्र की मदद से आपकी बात बन जाएगी। स्वास्थ्य की दृष्टि से देखें तो आपको अनिद्रा या फिर शारीरिक थकान की शिकायत रह सकती है।

उपाय: भगवान विष्णु के मंदिर में जाकर गुड़ एवं चने की दाल दान करें। विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।

10 of 12
राशि

मकर

मकर राशि के जातकों को इस सप्ताह कठिन परिश्रम करने पर ही कार्यों में सफलता मिलेगी। साथ ही आपको समय और धन का प्रबंधन करके चलना होगा, अन्यथा आपको परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। कारोबार या किसी योजना में धन निवेश करते समय किसी शुभचिंतक की सलाह लेना न भूलें, अन्यथा आपका धन कहीं फंस सकता है। सप्ताह के मध्य में कार्यक्षेत्र में गुप्त शत्रु सक्रिय हो सकते हैं। इस दौरान सतर्क रहें और किसी से उलझने से बचें। प्रेम संबंधों में उपजी गलतफहमियों को संवाद के जरिए सुलझाने का प्रयास करें, अन्यथा बने-बनाए संबंध टूट सकते हैं। इस सप्ताह पत्नी की सेहत आपकी चिंता का बड़ा सबब बनी रह सकती है, हालांकि आपको अपनी खुद की भी सेहत का पूरा ध्यान रखना चाहिए।

उपाय: शनि से संबंधित चीजों का जैसे काला कंबल, काले जूते आदि का दान करें। 'ॐ शं शनैश्चराय नम:' मंत्र का एक माला जप करें।

11 of 12
राशि

कुंभ

कुंभ राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिला-जुला साबित हो सकता है। इस सप्ताह आप पाएंगे कि आपको कभी अचानक लाभ या फिर हानि के योग बनेंगे। ऐसे में आपको बहुत ही सोच-समझकर कोई कदम उठाना चाहिए। कार्यक्षेत्र में अपने कार्य को बहुत सावधानीपूर्वक करें और किसी भी कागज में साइन करते समय उसे ठीक तरीके से पढ़ें। सप्ताह के मध्य में धार्मिक कार्यो में मन लगेगा। इस दौरान किसी धार्मिक स्थान की यात्रा पर भी निकल सकते हैं। यात्रा के दौरान अपनी सेहत और सामान का पूरा ख्याल रखें। सप्ताह के उत्तरार्ध में अपने कारोबार को विस्तार देते समय खूब सावधनी रखें और सोच-समझकर ही निर्णय लें, अन्यथा घाटा सहना पड़ सकता है। इस दौरान आवेश में आकर कोई निर्णय लेने से बचें।

उपाय : किसी दिव्यांग व्यक्ति को जरूरत का सामान दान करें और पक्षियों को दाना डालें। शनिवार को पीपल के पेड़ के नीचे दिया जलाएं।

विज्ञापन

12 of 12
राशि

मीन :

मीन राशि के जातक इस सप्ताह सुख-सुविधाओं की चीजों को पाने के लिए अथक परिश्रम करेंगे लेकिन कामकाज के साथ अपनी सेहत का भी पूरा ख्याल रखने की जरूरत बनी रहेगी। सप्ताह की शुरुआत में घर में किसी प्रिय सदस्य के आने से खुशियों का माहौल रहेगा। युवाओं को अधिकांश समय मौज-मस्ती करते हुए बीतेगा। आर्थिक दृष्टि से देखा जाए तो यह सप्ताह आपके लिए ठीक-ठाक ही रहेगा। बेरोजगार लोगों द्वारा रोजी-रोजगार की दिशा में किये गये प्रयास सफल होंगे। सप्ताह के उत्तरार्ध में किसी बात को लेकर जीवनसाथी के साथ अनबन हो सकती है। प्रेम संबंधों में भी आपको किसी प्रकार के उतावलेपन से बचना चाहिए, अन्यथा बनी-बनाई बात बिगड़ सकती है। यह समय कामकाज महिलाओं के लिए भी थोड़ा चुनौती भरा रहा सकता है।

उपाय: अपने गुरु या किसी पुरोहित को पूजा की सामग्री दान करें। विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें