Ram Navami 2024: आज रामनवमी का पर्व है। वाल्मीकी रामायण के अनुसार चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि, अभिजीत मुहूर्त और कर्क लग्न में भगवान विष्णु के सातवें अवतार प्रभु राम का जन्म हुआ था। हर वर्ष इसी तिथि पर पूरे देश में राम नवमी बड़े ही धूम-धाम के साथ मनाई जाती है। इस दिन जगह-जगह शोभा यात्राएं निकाली जाती है और मंदिर में भारी भीड़ होती है। इस वर्ष अयोध्या के भव्य राम मंदिर में राम नवमी पर प्रभु राम का जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। राम नवमी का त्योहार चैत्र नवरात्रि का आखिरी दिन होता है। इस दिन नौ दिनों तक मां दुर्गा की पूजा-उपासना के बाद उनकी विदाई की जाती है। वैदिक ज्योतिष शास्त्र के अनुसार इस बार राम नवमी पर बहुत ही दुर्लभ संयोग बन रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि जो संयोग त्रेता युग में प्रभु राम के जन्म के समय बना था वैसा ही संयोग इस बार बन रहा है। राम नवमी पर बने दुर्लभ संयोग में कुछ राशि के जातकों को विशेष लाभ मिलने के संकेत हैं।