घर में घुसकर महिला को तेजाब से नहलाया, मौत
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
यूपी के कन्नौज में घर में सो रही अकेली युवती पर तेजाब डाल दिया गया। इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई। तेजाब किसने और क्यों डाला, इस बारे में युवती कोई बयान भी नहीं दे सकी। पुलिस को युवती से दुष्कर्म की भी आशंका है। इसके अलावा अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है। सोमवार रात की यह घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चौधरी सराय स्थित कांशीराम कालोनी की है।
कांशीराम कालोनी के ब्लाक नंबर तीन के कमरा नंबर 25 में रहने वाले जितेंद्र दोहरे ने बताया कि वह कानपुर में एक बेकरी में काम करता है। घर पर पत्नी प्रीती (23) अपनी मां के साथ रहती थी। सोमवार को उनकी सास अपनी दूसरी पुत्री को देखने फर्रुखाबाद जिले के कसबा कमालगंज गई हुई थीं।
घर पर प्रीती 11 माह के बच्चे के साथ सो रही थी। सारे दरवाजे बंद थे। आशंका जताई जा रही है कि रात करीब 10 बजे घर के पिछले हिस्से में लगे रोशनदान की खिड़की से आरोपी कमरे में पहुंचा और वारदात को अंजाम देकर भाग गया।
आरोपी के बारे में प्रीती कुछ बता पाती, उससे पहले ही उसकी मौत हो गई।
आरोपी अब तक फरार, पुलिस जता रही है रेप की भी आशंका
'कमरे में तेजाब से सराबोर महिला नग्न अवस्था में मिली थी'
- फोटो : demo
प्रीती के चीखने की आवाज सुनी तो कॉलोनी के लोग भागकर मौके पर पहुंचे। किसी तरह दरवाजा खोलकर अंदर गए तो प्रीती नग्न अवस्था बदहवाश पड़ी चीख रही थी। उसके चेहरे से लेकर पैरों तक काफी मात्रा में तेजाब फेंका गया था। बिस्तर पर पड़ा कंबल भी तेजाब से जल गया था। पड़ोसियों और शहर के मोहल्ला काजीटोला स्थित मायकेवालों ने प्रीती को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
हालत गंभीर होने पर प्रीति को मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। वहां से मंगलवार सुबह कानपुर के लिए रेफर किया गया। परिजन उसे कानपुर ले जा रहे थे तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई।
परिजन शव लेकर कॉलोनी आए और पुलिस को सूचना दी। कोतवाल श्यामवीर सिंह यादव, दरोगा रामबाबू मौके पर पहुंचे। छानबीन के दौरान घटना वाले कमरे में एक सिम कार्ड और एक चप्पल मिली। कोतवाल श्यामवीर सिंह ने आशंका जताई कि शायद दुष्कर्म के बाद युवती पर तेजाब फेंका गया। अन्य कई बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।