यूपी के जौनपुर में बदमाश इतने बेखौफ है कि लगातार लाखों लोगों की आस्था पर आघात कर मंदिरों से मूर्तियां चोरी कर रह हैं। ताजा मामला रामपुर थाना के जमालापुर बाजार स्थित श्रीरामजानकी मंदिर का है। धार्मिक स्थल से राम, लक्ष्मण और गोपाल जी की मूर्ति चोरी हुई हैं।
मंदिर के पुजारी का दावा है कि राम, लक्ष्मण की मूर्ति कीमती पत्थरों बनी थीं जबकि गोपाल जी की मूर्ति अष्टधातु की थी। तीनों मूर्तियों पर लाखों के आभूषण चढ़ाए गए थे।
मूर्ति चोरी की वारदात से हड़कंप मचा है। लेकिन पुलिस ने हरकत तब आई जब आईजी एसके भगत ने मामले में दखलंदाजी की। उनके निर्देश पर पुलिस डॉग स्क्वॉयड के साथ मौके पर पहुंची।
अब तक चोरों का सुराग नहीं लग सका है। जमालापुर पुलिस चौकी से महज आधा किलोमीटर दूर सैकड़ों साल पुराना श्रीरामजानकी मंदिर है। रविवार को सुबह पुजारी कट्टर दुबे मंदिर की सफाई के लिए गए तो गर्भगृह के दरवाजे का ताला टूटा था। अंदर सीता जी की मूर्ति को छोड़ राम, लक्ष्मण और गोपाल जी की मूर्ति गायब थी। गर्भगृह के बाहर तीन बड़ी छैनी, छोटा रम्मा पड़ा था। थोड़ी ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। चोर मंदिर के पीछे स्थित कमरे की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे थे।
चोरों के निशाने पर हैं प्राचीन मंदिर
मुरादगंज स्थित रामजानकी मंदिर
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
जौनपुर के प्राचीन मंदिर चोरों के निशाने पर हैं। जिले में आए दिन मंदिर से चोरी की घटनाएं हो रही हैं। हाल में ही हुई मंदिरों से चोरी की घटना में पुलिस मुरादगंज स्थित मंदिर से चोरी को छोड़ किसी भी चोरी का खुलासा नहीं कर सकी है।
10 मार्च की रात लाइन बाजार थाना क्षेत्र के मुरादगंज में स्थित रामजानकी मंदिर से अष्टधातु की मां अन्नपूर्णा की मूर्ति चोर उठा ले गए थे। इसके पहले इसी मंदिर से जनवरी में राम लक्ष्मण की मूर्ति चोर उठा ले गए थे।
शाहगंज में 30 अक्तूबर 2015 को लोहामंडी स्थित श्री रामजानकी मंदिर से अष्टधातु की तीन मूर्तियां चोर उठा ले गए थे। हालांकि इस घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने मूर्ति बरामद कर ली है।