जांच के दौरान दोनों कारों से बरामद हुए रुपये
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश के कटनी जिले के दो थानों ने जांच दौरान लाखों की रकम बरामद की है। उसके दस्तावेज दिखाने में असफल रहे शख्स को पुलिस ने 24 घंटे का वक्त दिया है। आगामी विधानसभा चुनाव देखते हुए कटनी पुलिस जिले की सीमा पर जांच नाका बना संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही है।
इसी सिलसिले में कुठला और स्लीमानाबाद पुलिस को वाहनों की जांच दौरान दो गाड़ियों से छह लाख दो हजार चार सौ रुपये नकदी मिली। पुलिस ने जब पैसों से जुड़े दस्तावेज पेश करने की बात कही तो कार चालक अलग-अलग बातें बताने लगे। इस पर पुलिस ने पैसों की जब्ती बनाते हुए 24 घंटे की मोहलत दी है। ताकि वे समय रहते कागजात लाकर पेश कर दें।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन ने बताया कि स्लीमानाबाद थानांतर्गत छपरा चेक पोस्ट में जांच के दौरान जबलपुर के यादव कॉलोनी निवासी संजय कुमार सलरेजा के पास से चार लाख 52 हजार चार सौ रुपये नकदी पकड़ी गई है। वहीं, दूसरी कार्रवाई कुठला थाना क्षेत्र के पन्ना मोड़ पर जांच के दौरान एक कार की तलाशी लेते वक्त पुलिस को एक लाख 50 हजार से अधिक की रकम मिली है। दोनों लोगों के पास पैसों से जुड़े कोई कागजात मौके पर नहीं मिले। इसलिए कटनी पुलिस ने छह लाख की जब्ती बनाते हुए उन्हें 24 घंटे का समय दिया है।
दरअसल, आदर्श आचार संहिता लगते ही जिला प्रशासन ने जानकारी देते हुए कहा था कि 50 हजार से ज्यादा की रकम ले जाते वक्त आपके पास पैसों से जुड़ा दस्तावेज होना अनिवार्य है। ताकि किसी व्यापारी को परेशान न होना पड़े। वहीं दस लाख से ज्यादा की रकम मिलने पर आयकर विभाग मामले की जांच करेगा। फिलहाल दोनों कार्रवाई पर पुलिस मामले की जांच करने की बात कहती नजर आ रही है।