उज्जैन में सोमवार रात निजातपुरा में कोचिंग पढ़ाने वाले शिक्षक से सामने रहने वाले एक व्यक्ति ने अभद्रता की, जब शिक्षक ने इसका विरोध किया तो चाकू से वार कर दिए। अस्पताल में उपचार किया जा रहा है और पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। बताया जाता है कि चाकू मारने वाला व्यक्ति बदमाश प्रवृत्ति का है। कोतवाली पुलिस ने रात में ही घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की।
कोतवाली थाना पुलिस ने बताया कि निजातपुरा में रहने वाला संतोष राव कोचिंग टीचर है और सोमवार रात उसका विवाद सामने रहने वाले प्रवीण साहू नामक व्यक्ति से हो गया। रात में प्रवीण शराब के नशे में गाली दे रहा था। इस पर संतोष ने उसे रोका तो वह भड़क गया और मारपीट शुरू कर दी। आरोपी प्रवीण ने चाकू से संतोष पर हमला कर दिया और उसके गाल और पीठ पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घायल हालत में उसे छोड़कर आरोपी वहां से भाग निकला। घायल संतोष को उसके परिवार के लोग तत्काल अस्पताल लेकर आए। इस दौरान क्षेत्र में जमकर हंगामा मचा था। इधर, गंभीर रूप से घायल संतोष को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि हमलावर प्रवीण की तलाश की जा रही है तथा उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।