मध्य प्रदेश के ग्वालियर में फर्जी सिम कार्ड बेचने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने गुना से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों युवक इंटरनेट की मदद से फर्जी आधार कार्ड बनाकर सिम एक्टिवेट करते थे और उसे ठगों को बेचा करते थे।
ग्वालियक की साइबर सेल ने दोनों युवकों को पकड़ा है। ये दोनों युवक गुना में सिम के रिटेल कारोबारी हैं और अब तक 11,000 सिमकार्ड साइबर ठगों को बेच चुके हैं। पुलिस का ऐसा मानना है कि इन दोनों ठगों ने सिमकार्ड बेचकर करोड़ों रुपये की ठगी की होगी। इसी गैंग की ओर से बेची गई सिम के जरिए ग्वालियर के एजी ऑफिस से रिटायर्ड अफसर के साथ ठगी हुई थी।
ग्वालियर की पुलिस इसी मामले की जांच करने लगी, जिसके बाद इस गैंग के बारे में पता चला। साइबर सेल की एसपी सुधीर अग्रवाल ने बताया कि दोनों आरोपियों का नाम संदीप साहू और रामेश्वर मीणा है। ये दोनों कुंभराज जिला के रहने वाले हैं और अलग-अलग मोबाइल नेटवर्क कंपनियों में काम कर चुके हैं।
दोनों आरोपियों ने ग्वालियर, गुना, शिवपुरी के अलावा भोपाल, दिल्ली, इंदौर, पश्चिम बंगाल, बिहार, हरियाणा से ऑपरेट करने वाले ठगों को बिचौलियों के जरिए सिमकार्ड बेचे। आरोपी रामेश्वर मीणा सिमकार्ड कंपनी का डिस्ट्रीब्यूटर रह चुका है और दोनों गुना में सिमकार्ड बेचने की दुकान चलाते हैं।