दमोह के जिला अस्पताल में मरीज और उनके परिजनों की सुरक्षा के लिए तैनात किए गए सुरक्षाकर्मी भी अब अस्पताल में सुरक्षित नहीं हैं। ऐसा ही घटनाक्रम अस्पताल के एमसीएच वॉर्ड में सामने आया, जहां दो शराबी नशे में उत्पात मचा रहे थे। इन्हें रोकने के लिए एक महिला सुरक्षाकर्मी पहुंची तो उन्होंने महिला के साथ ही अभद्रता करना शुरू कर दिया। जिससे महिला सुरक्षा गार्ड ने अपने साथियों को बुलाया औन इन शराबियों की जमकर धुनाई की इसके बाद अस्पताल प्रबंधन काे सूचना दी गई और शराबियों को पुलिस के हवाले किया गया।
महिला सुरक्षाकर्मी ज्योति ठाकुर ने बताया कि उसकी ड्यूटी एमसीएच वॉर्ड में रहती है। वहां दो शराबी युवक नशे में हंगामा कर रहे थे। उन्हें वहां से हटाया तो वह आगे ट्रामा वॉर्ड के यहां जाकर फिर हंगामा करने लगे। उन्हें पुन: रोकने का प्रयास किया तो दोनों ने एक डंडा उठाकर उसे मारने का प्रयास किया, जिससे अपना बचाव किया और अपने साथी सुरक्षा गार्ड को आवाज लगाई। जब अन्य सुरक्षाकर्मी आ गए तब उसने इन शराबियों की पिटाई की और अस्पताल के सिविल सर्जन को सूचना दी।
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. राजेश नामदेव ने बताया कि जमुनिया गांव के रहने वाले वीरेंद्र और प्रीतम कोरी शराब के नशे में अस्पताल के एमसीएच वार्ड पहुंचे थे। वहां उन्होंने महिला गार्ड से अभद्रता की इसके बाद इनको पकड़ा गया और पुलिस को सूचना देकर एमएलसी कराने के बाद पुलिस दोनों को अपने साथ ले गई।