फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गुना में तालिबानी सजा: चोरी के शक में दलित युवक को नग्न कर जलती लकड़ियों और डंडों से मारा, एक आरोपी गिरफ्तार

Tue, 08 Feb 2022 01:00 PM IST
अंकिता विश्वकर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गुना

सार

गुना के लाडपुरा गांव में एक दलित युवक को मोबाइल चोरी के संदेह में दो लोगों ने जलती लकड़ियों और डंडों से नग्न कर पीटा, आरोपियों ने युवक को जिंदा जलाने की कोशिश की। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
गुना: अस्पताल में भर्ती पीड़ित युवक - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मध्य प्रदेश के गुना में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक दलित युवक को मोबाइल चोरी करने के शक में उसे नग्न कर जलती लकड़ियों और डंडो से पीटा गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। युवक के परिजनों ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किया है। मामले की जानकारी लगने के बाद पुलिस आरोपियों पर कार्रवाई करने में जुटी है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।  
विज्ञापन


जानकारी के अनुसार गुना के लाडपुरा गांव में मोबाइल फोन चोरी करने के संदेह में दलित युवक के साथ दो लोगों ने जलती लकड़ियों और डंडों से मार पीट की। आरोपियों ने पीड़ित युवक अरविंद को बुलाया और उसे अपने साथ सुनसान जगह पर ले गए। वहां उसे नग्न कर मारपीट शुरू कर दी। युवक को आग से चलाने का भी प्रयास किया। आरोपियों ने युवक के साथ हुई मारपीट का वीडियो भी बनाया। उसके बाद सोशल मीडिया पर वायरल किया। घटना सोमवार शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में युवक को कथित तौर पर पीटा जा रहा है। गाली दी जा रही है वहीं कुछ लोग घटनास्थल पर मूकदर्शक बने खड़े हैं। 

मामले पर विजयनगर थाना प्रभारी राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि पीड़ित अरविंद कलावत ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उसने आरोप लगाया कि दो लोगों ने उस पर मोबाइल फोन चुराने का आरोप लगाते हुए डंडों और जलती लकड़ी से पीटा है। शिकायत के आधार पर आरोपी हेतराम गुर्जर और गोलू पर धारा 323, 324, 294 सहित विभिन्न भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 506 और अनुसूचित जाति / अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत भी प्रकरण दर्ज किया गया है। घटना में शामिल आरोपी हेतराम गुर्जर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।  पूरे मामले पर अधिकारी ने कहा कि शिकायत दर्ज करने के एक घंटे के भीतर गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस पीड़ित की मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ और आईपीसी की धाराएं जोड़ सकती हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें