गरबा पंडालों में प्रवेश को लेकर विहिप और बजरंग दल ने ज्ञापन सौंपा
- फोटो : अमर उजाला
शिवपुरी में नवदुर्गा महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले गरबा कार्यक्रमों को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने प्रशासन के सामने कई मांगें रखी हैं। संगठन ने गरबा पंडालों में प्रवेश व्यवस्था से लेकर गीत-संगीत और आयोजन के दौरान आचरण तक के लिए नियम लागू करने की मांग की है।
विहिप और बजरंग दल की ओर से प्रशासन को दिए गए आवेदन में कहा गया है कि 10 से 20 अक्टूबर तक होने वाले गरबा आयोजनों में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित की जाए। संगठन ने मांग की है कि गरबा पंडालों में प्रवेश के लिए आधार कार्ड या अन्य वैध पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य किया जाए। साथ ही संगठन ने केवल सनातनी धर्मावलंबियों को गरबा पंडालों में प्रवेश देने की मांग भी रखी है।
संगठन का कहना है कि गरबा पंडालों में शराब या किसी भी प्रकार के नशे की हालत में पहुंचने वाले लोगों को प्रवेश नहीं दिया जाना चाहिए। इसके अलावा आयोजनों में केवल धार्मिक और गरबा से जुड़े गीत बजाने तथा अश्लील गीतों पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की गई है। विहिप-बजरंग दल ने नवदुर्गा महोत्सव के दौरान सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों के आसपास मांस की दुकानों पर भी रोक लगाने की मांग प्रशासन के सामने रखी है। संगठन ने अपने आवेदन में पूर्व में गरबा पंडालों में कथित तौर पर सामने आए आपत्तिजनक कृत्यों का हवाला देते हुए कहा है कि आयोजकों को स्पष्ट नियम और शर्तों के साथ ही कार्यक्रम की अनुमति दी जाए।
ये भी पढ़ें: राजगढ़: खिलचीपुर के फलोदी सुपर बाजार में लगी भीषण आग, धुएं के गुबार से सहमे लोग, लाखों के नुकसान की आशंका
संगठन ने प्रशासन से सुरक्षा और प्रवेश व्यवस्था को लेकर भी सख्ती बरतने की मांग की है। उसका कहना है कि गरबा आयोजनों में आने वाले लोगों की पहचान और गतिविधियों पर निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी तरह की विवादित या अप्रिय स्थिति को रोका जा सके। वहीं बजरंग दल के जिला अध्यक्ष उपेंद्र यादव ने कहा कि संगठन ने प्रशासन के सामने अपनी मांगें रख दी हैं। उनका कहना है कि यदि इन मांगों पर सकारात्मक रूप से विचार कर नियम लागू नहीं किए गए तो नवदुर्गा महोत्सव के दौरान संगठन के स्वयंसेवक गरबा पंडालों में भ्रमण करेंगे और समाज एवं धर्महित में कार्रवाई के लिए विवश होंगे।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और गरबा आयोजक इन मांगों पर क्या निर्णय लेते हैं और 10 अक्टूबर से शुरू होने वाले नवदुर्गा महोत्सव के दौरान प्रवेश और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर क्या दिशा-निर्देश जारी किए जाते हैं।