नीलगिरी के लकड़ी का अवैध परिवहन करते वन विभाग ने एक वाहन को पकड़ा है। इसी तरह ब्यौहारी वन विभाग में रेत का अवैध उत्खनन कर परिवहन करते एक ट्रैक्टर ट्राली को जब्त कर कार्रवाई की है। वन परिक्षेत्र केशवाही में गश्ती दल भ्रमण कर रहा था। तभी एक वाहन में लकड़ी होने के संदेह पर रुकवाया गया। मिली ट्रक क्रमांक MP18GA3732 में नीलगिरी लकड़ी अवैध तरीके से लोड पाई गई। जिसके बाद वन विभाग कार्रवाई में जुट गया है।
डीएफओ श्रद्धा पंद्रे ने बताया कि केशवाही मार्ग पर ग्राम बचरवार के समीप वन विभाग ने यह कार्रवाई की है। वाहन को जब्त कर लकड़ी बीटगार्ड बहेराडोल के सुपुर्द में किया गया और वाहन को वन परिक्षेत्र कार्यालय केशवाही प्रांगण में खड़ा कराया गया है। इसके अलावा वन विभाग यह भी पता लगा रहा है कि वाहन जो नीलगिरी की लकड़ी का अवैध परिवहन किया जा रहा था, वह कहां से काटा गया है। वाहन चालक ज्यादा स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाया। इस कारण वाहन मालिक को भी तलब किया गया है। बताया जा रहा है कि लकड़ी को ओरियंट पेपर मिल भेजने की तैयारी थी, यह किसी किसान ने अपनी निजी भूमि से कटवा कर इसे बेचा था। फिलहाल वाहन जप्त कर मामले में जांच की जा रही है।
रेत का अवैध परिवहन करते ट्रैक्टर जब्त
वन विभाग की टीम ने रेत का अवैध परिवहन करते एक बिना नंबर के ट्रैक्टर को पकड़ा है। वन परिक्षेत्र पूर्व ब्यौहारी अंतर्गत खोहरी पपौंध मार्ग पर वन विभाग ने यह कार्रवाई की है। क्षेत्र में भ्रमण के दौरान सर्किल नौढया के बीट खैरा अंतर्गत नाका के समीप यह बिना नम्बर का ट्रैक्टर चला आ रहा था। ट्रैक्टर चालक ने जब अधिकारियों को देखा तो ट्रैक्टर खड़ा करके भागने का प्रयास करने लगा। वन विभाग के कर्मचारियों ने खदेड़कर चालक को पकड़ लिया और ट्रैक्टर को जब्त कर किया।
जब चालक से रेत संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए तो उसके पास कोई भी दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे। वाहन चालक ने अपना नाम राजलालन सिंह पिता रामटहल सिंह निवासी खैरा बताया। डीएफओ श्रद्धा पंद्रे ने बताया कि रेत का अवैध परिवहन करने वाले ट्रैक्टर को जब्त कर बीट गार्ड खैरा के सुपुर्द किया गया और वाहन को काष्ठागार ब्यौहारी प्रागण में खड़ा कराया गया है। चालक ट्रैक्टर छोड़कर भागने का प्रयास कर रहा था उसे भी पकड़ लिया गया है।