लाड़ली बहनों से मिलकर भावुक हुए शिवराज
- फोटो : अमर उजाला
सीहोर के टाउन हॉल में विकसित भारत विकास यात्रा के कार्यक्रम में भाग लेने शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का नगर आगमन था। शिवराज के स्वागत के लिए नगर के सेकडाखेड़ी चौराहे पर भारी जनसमूह इक्कट्ठा हो गया था।
जैसे ही शिवराज का काफिला सेकडाखेड़ी मार्ग पर आता हुआ दिखा, जनसमूह ने शिवराज के काफिले को रोक लिया। भारी जनसमूह को देखकर पहले तो शिवराज सिंह चौहान गाड़ी के गेट से जनसमूह का अभिवादन करते रहे। इस दौरान काफी संख्या में लाड़ली बहनों ने शिवराज को घेर लिया ओर रोने लगीं।
उनको रोते हुए देख शिवराज सिंह चौहान भी गाड़ी से नीचे उतर गए और लाड़ली बहनों के सिर पर हाथ रखकर सान्त्वना देने लगे। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान 'आंधी नहीं तूफान है, शिवराज सिंह चौहान है' की नारेबाजी होती रही। लाड़लियों को रोता देख शिवराज भी कुछ पल के लिए भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू निकल गए। शिवराज सिंह के काफिले को कार्यक्रम स्थल तक ले जाने में सुरक्षा कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।