सागर से सनसनीखेज मामला सामने आया है। मोतीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम अमावनी में जमीन विवाद और तार फेंसिंग उखाड़ने का विरोध करने पर एक बुजुर्ग किसान की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने शुक्रवार सुबह अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मौत की खबर मिलते ही ग्रामीण और परिजन भड़क गए। पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर पहुंचे परिजनों ने दोपहर करीब 1 बजे सागर-खुरई मार्ग (कृषि उपज मंडी के पास) पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। करीब 3 घंटे तक चले इस प्रदर्शन के कारण हाईवे पर वाहनों का लंबा जाम लग गया।
8 से 10 लोग मोटरसाइकिलों से आए थे
जानकारी के मुताबिक, अमावनी निवासी किसान नंदराम पटेल की कृषि भूमि से लगी जमीन पर शिवराज शुक्ला और आनंद कुमार गुप्ता द्वारा प्लाटिंग का काम किया जा रहा है। परिजनों ने बताया कि बीते 3 जून की दोपहर करीब 8 से 10 लोग मोटरसाइकिलों से आए और नंदराम पटेल के खेत की तार फेंसिंग की लकड़ी की बल्लियां उखाड़ने लगे। जब बुजुर्ग नंदराम ने इसका विरोध किया, तो बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए उन पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे उनकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप- जमीन हड़पने की नीयत से की हत्या
मृतक के बेटे आशीष पटेल ने आरोप लगाया कि आनंद कुमार गुप्ता, शिवराज शुक्ला और यशवंत खटीक उनकी पुश्तैनी जमीन पर अवैध कब्जा करना चाहते थे। इसी नीयत से उनके पिता की बेरहमी से हत्या की गई है। परिजनों की मांग है कि जिन लोगों की प्लाटिंग से यह विवाद शुरू हुआ, उन्हें भी इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी बनाया जाए। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि इस अवैध प्लाटिंग की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
ये भी पढ़ें- MP: चार साल बाद भी जीएनएम का रिजल्ट नहीं, संकट में नर्सिंग छात्रों का भविष्य; काउंसिल के बाहर किया प्रदर्शन
भारी पुलिस बल तैनात, अधिकारियों के आश्वासन पर खुला जाम
चक्काजाम की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत और तहसीलदार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने प्रदर्शनकारियों को बताया कि मामले में नामजद 8 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं, प्लाटिंग से जुड़े शिवराज शुक्ला और आनंद कुमार गुप्ता को भी पुलिस ने राउंडअप (हिरासत में) कर लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
मौके पर मौजूद तहसीलदार ने भी परिजनों को आश्वस्त किया कि विवादित प्लाटिंग की पूरी जांच कराई जाएगी और अवैध पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई होगी। इस ठोस आश्वासन के बाद शाम करीब चार बजे परिजनों ने जाम खोला और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।