महिला का आरोप है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, इससे मारपीट करने वालों ने फिर मारपीट की है।
- फोटो : सोशल मीडिया
रीवा के दो थानों में उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला कुल्हाड़ी लेकर थाने पहुंच गई। उसने पुलिस पर रिश्वत लेकर कार्रवाई नहीं करने का आरोप भी लगाया। महिला ने पुलिसवालों को जमकर खरी-खोटी सुनाई। देर रात महिला थाने के बाहर बैठकर पुलिसवालों को गालियां भी दी।
जानकारी के अनुसार महिला का नाम कृष्णा गौतम सिविल लाइन थाना अंतर्गत दीनदयाल कॉलोनी बताया गया है। मोहल्ले के लोगों ने किसी बात पर उसके साथ मारपीट की थी। महिला शिकायत करने थाने पहुंची ओर रिपोर्ट भी लिखवा दी। महिला का आरोप है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, इससे मारपीट करने वालों ने फिर मारपीट की है। इसी से नाराज होकर वह कुल्हाड़ी लेकर थाने पहुंच गई।
पहले तो वह महिला थाने गई और पुलिसकर्मियों को भला-बुरा कहने लगी। इसके बाद वो सिविल लाइन थाने में भी गई। घंटों हंगामा किया। उनसे पुलिस पर रिश्वत लेकर कार्रवाई नहीं करने के आरोप भी लगाए। बाद में महिला को शांत कराते हुए पुलिसकर्मियों ने फरियाद का निराकरण का आश्वासन दिया। उपनिरीक्षक रानू वर्मा एवं सूबेदार अंजली गुप्ता महिला आरक्षक के साथ फरियादी को लेकर उसके घर के पास पहुंती और महिला को समझाइश दी गई। पुलिस ने जांच कर महिला को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है, जिसके बाद महिला का गुस्सा शांत हुआ।