रीवा लोकायुक्त ने आरक्षक अनिरुद्ध तिवारी को घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
- फोटो : अमर उजाला
रीवा लोकायुक्त ने चौराटा थाना के आरक्षक अनिरुद्ध तिवारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। तुलसीदास उर्फ बाबूलिया कोल ने लोकायुक्त को शिकायत की थी कि अनिरुद्ध तिवारी सट्टा पर्ची काटने के लिए हर महीने 20 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। इसके बाद लोकायुक्त ने योजना बनाई और आरक्षक को रंगे हाथ पकड़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तुलसीदास को तिवारी ने कहा था कि 20 हजार रुपये में 15 हजार रुपये थाना प्रभारी को जाएंगे। 2 हजार रुपये उसे मिलेंगे और शेष 3 हजार रुपये उसके सहयोगियों के पास जाएंगे। इस तरह कुल 20 हजार रुपये हर महीने उसे देने होंगे। इस मामले की शिकायत रीवा लोकायुक्त एसपी गोपाल सिंह धाकड़ को की गई थी। उनके निर्देश पर डीएसपी प्रवीण सिंह परिहार ने इंस्पेक्टर प्रमेंद्र कुमार, इंस्पेक्टर जिया उल हक आदि की टीम बनाई और ट्रैप की कार्यवाही करने के लिए योजना बनाई। तय समयानुसार जब तुलसीदास कोल ने अनिरुद्ध तिवारी को 20 हजार रुपये दिए तो लोकायुक्त की टीम ने रेलवे तिराहे पर गिरफ्तार कर लिया। अनिरुद्ध तिवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।