होशंगाबाद में 28 दिन की नवजात बच्ची की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक बच्ची की हत्या उसकी ही मां ने दुपट्टे से गला घोंटकर की थी। बाद में वह बच्ची को लेकर अस्पताल ले गई और मनगढंत कहानियां बनाने लगी।
मामला होशंगाबाद जिले के खोजनपुर का है। पूजा पति दुर्गेश बर्डे के चार बच्चे थे। पांच साल का सबसे बड़ा बेटा। उसके बाद लड़की हुई थी, जिसकी मौत हो चुकी है। तीसरी और चौथी बार भी उसे लड़की ही हुई। जल्दी-जल्दी बच्चे होने से पूजा कमजोर हो गई थी। उसके शरीर में खून की कमी हो गई थी। बच्चों को पालना मुश्किल होने लगा था। तब उसने दुपट्टे से 28 दिन की बच्ची का गला घोंटा। फिर खुद ही उसे लेकर थाने पहुंच गई।
शॉर्ट पीएम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस को हुआ शक
जिला अस्पताल में बच्ची के पहुंचने पर उसकी मां ने कई कहानियां सुनाई। इसके बाद मामला पुलिस को सौंपा गया। शॉर्ट पोस्टमार्टम में पता चला कि बच्ची का गला घोंटा गया है। पुलिस ने उसकी मां से कड़ी पूछताछ की तो वह शुरू में गुमराह करती रही, पर बाद में उसने कबूल कर लिया कि वह बच्चों को पालने में असमर्थ महसूस कर रही थी। इस वजह से यह कदम उठाया।