पुष्पांजलि अर्पित करते सीएम मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार दोपहर हेलीकॉप्टर से रतलाम पहुंचे। हेलीपेड से वे सीधे सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री (कैबिनेट मंत्री) चैतन्य काश्यप के घर पहुंचे और काश्यप की माताजी धर्मपरायण एवं समाजसेवी तेजकुंवरबाई काश्यप को श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
उल्लेखनीय है कि कैबिनेट मंत्री चैतन्य काश्यप की मां तेजकुंवरबाई काश्यप का 11 अक्टूबर 2026 को मुम्बई में निधन हो गया था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर में हवाई मार्ग से रतलाम पहुंचे और वहां से वाहन में सवार होकर सीधे मंत्री काश्यप के स्टेशन रोड स्थित निवास विसाजी मेंशन पहुंचकर स्वर्गीय तेजकुंवरबाई काश्यप के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की कामना की।
ये भी पढ़ें-
एमपी का 234 करोड़ का लग्जरी स्टेट प्लेन जल्द आएगा, वॉयस कंट्रोल केबिन और खास सीटों समेत जानें क्या है खास
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वर्गीय तेजकुंवरबाई काश्यप के जीवन का स्मरण करते हुए कहा कि उन्हें भी माताजी का स्नेह सदैव मिलता रहा। माताजी तेजकुंवरबाई काश्यप ने कुक्षी जैसे छोटे स्थान से अपनी जीवन यात्रा प्रारंभ की। पति के निधन के बाद उन्होंने अपनी छोटी-छोटी संतानों को संभाला और उन्हें संस्कारों के साथ आगे बढ़ाया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि तेजकुंवरबाई के नाम में ही तेज समाहित था और उनका तेज सदैव सबके कल्याण के लिए रहा। उन्होंने उनके जीवन की यात्रा को निकट से देखा है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत पुण्यात्मा को शत-शत नमन करते हुए परमात्मा के श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस दौरान अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के मंत्री नागर सिंह चौहान ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, मंत्री काश्यप के पुत्र सिद्धार्थ काश्यप, श्रवण काश्यप, नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, महापौर प्रहलाद पटेल, रतलाम विकास प्राधिकरण अध्यक्ष मनोहर पोरवाल सहित राजनीतिक, धार्मिक, सामाजिक संगठन के पदाधिकारी, उज्जैन कमिश्नर आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, कलेक्टर अजय कटेसरया, डीआईजी निमिष अग्रवाल, एसपी अमित कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।