नीमच के भारत माता चौराहे के समीप एक नाबालिग लड़की को छेड़ना युवक को भारी पड़ गया। लड़की ने भरे बाजार युवक की पिटाई शुरू कर दी। हंगामे को देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
भारत माता चौराहे पर एनएसयूआई के धरने में तैनात पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और आरोपी युवक को पकड़कर थाने ले गए। नीमच के कैंट थाना क्षेत्र स्थित भारत माता चौराहे पर सोमवार दोपहर एक युवक नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ कर रहा था और लड़की का हाथ पकड़कर उसका फोन नंबर भी मांग रहा था।
इसके बाद लड़की ने आरोपी युवक को सबक सिखाने की ठानी और आरोपी युवक को सबक सिखाने के लिए उसकी पिटाई शुरू कर दी। हंगामा होता देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हंगामे के दौरान भारत माता चौराहे पर एनएसयूआई का धरना प्रदर्शन भी चालू था, जहां पुलिस कर्मी तैनात थे।
मामले को देख तुरंत पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और छेड़छाड़ करने वाले युवक को थाने ले गए। इधर, सूचना पर नाबालिग लड़की के परिजन भी कैंट थाने पर पहुंचे और आरोपी युवक प्रहलाद मीणा निवासी नीमच के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। मामले में पुलिस जांच कर रही है।