स्कूल की मान्यता निलंबित करने के बाद 1200 बच्चों के शिक्षा की चिंता है।
- फोटो : सोशल मीडिया
हिजाब, धर्मांतरण और जबरदस्ती बच्चों को नमाज पढ़ाने के मामले में चर्चा में आए दमोह के गंगा-जमना स्कूल की मान्यता निलंबन के बाद यहां पढ़ने वाले 1200 से अधिक बच्चों की पढ़ाई अटक गई है। इन बच्चों के लिए जिला प्रशासन ने पांच स्कूल चिन्हित किए हैं, जहां अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई कराई जाएगी। यहां पर अभिभावक बच्चों का प्रवेश करा सकते हैं। इसके अलावा बच्चों को पाठ्य पुस्तकें भी शिक्षा विभाग की ओर से निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। बच्चों को मध्याह्न भोजन के अलावा शासन से मिलने वाली अन्य सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा।
जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार शासकीय सरदार पटेल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, वीर दुर्गादास हाई स्कूल, सरदार पटेल एकीकृत माध्यम स्कूल, गुरु गोविंद शासकीय माध्यमिक स्कूल व शिवाजी प्राथमिक स्कूलों में अब अंग्रेजी माध्यम की कक्षाएं भी संचालित होंगी। आदेश में कहा गया कि शासकीय शिवाजी प्राथमिक स्कूल दमोह अंग्रेजी माध्यम से संचालित होता है। सरदार पटेल शासकीय एकीकृत माध्यमिक स्कूल दमोह के प्राथमिक खंड में एवं वीर दुर्गादास शासकीय हाई स्कूल दमोह के प्राथमिक खंड की कक्षाएं अंग्रेजी माध्यम से संचालित होती हैं। इन स्कूलों में कक्षा 1 से 5वीं तक के छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया जाएगा। इसके अलावा गुरु गोविंद उच्चतर माध्यमिक स्कूल दमोह के संचालन का माध्यम अभी हिंदी है, लेकिन इस विद्यालय में भी गंगा-जमना स्कूल के प्रभावित विद्यार्थियों के पठन-पाठन के लिए कक्षा 6वीं से 8वीं तक के छात्र-छात्राओं को प्रवेश देकर अंग्रेजी माध्यम की कक्षाएं संचालित की जाएंगी।
इसी तरह सरकार पटेल हायर सेकंडरी स्कूल का संचालन अभी हिंदी में हो रहा है, लेकिन इस स्कूल में भी गंगा-जमना स्कूल के बच्चों के लिए कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं के पठन-पाठन के लिए स्कूल का संचालन आवश्यकतानुसार दो पारियों में किया जाएगा। इन बच्चों को अंग्रेजी माध्यम की किताबें भी शिक्षा विभाग उपलब्ध कराएगा। आदेश में कहा गया है कि बीआरसी गंगा-जमना स्कूल के नर्सरी से केजी 2 तक के दर्ज बच्चों के माता-पिता से संपर्क कर उन्हें निकटतम आंगनबाड़ी केंद्रों में प्रवेश दिलाएंगे। जिला शिक्षा अधिकारी एसके नेमा का कहना है कि इन स्कूलों को विकल्प के रूप में रखा गया है। अभिभावक चाहें जिस स्कूल में प्रवेश दिला सकते हैं।