मध्य प्रदेश के कटनी जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार ने दो लोगों की जान ले ली। तेज रफ्तार अनियंत्रित बस ने समाने से आ रहे ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी है। इस हादसे में मां-बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसा स्लिमानाबाद थाना क्षेत्र के तेवरी मोड़ के पास हुआ है। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस बल सहित 108 एंबुलेंस वाहन पहुंच गए। घायलों को कटनी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार बस लक्ष्मी ट्रैवेल्स की बताई जा रही है। ये बस जबलपुर से होते हुए तेवरी की ओर जा रही थी। मोड़ होने के बावजूद बस की रफ्तार तेज रही, जिससे वो कटनी साइड से आ रहे ट्रक में भिड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो हादसे में पूरी लापरवाही बस चालक की रही, जिससे दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई।
वहीं, बस में दुर्घटना के वक्त करीब 40 से 45 लोग सवार थे। हादसे में एक साल के मासूम सहित मां की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, अन्य घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बहोरीबंद एसडीएम प्रदीप मिश्रा ने बताया कि सड़क हादसे की जानकारी मिली थी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और 9 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें शासन से मिलने वाली सहायता राशि के रूप में दोनों मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार दिए जाएंगे। हादसे पर स्लिमानाबाद पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।