मध्यप्रदेश स्वतंत्र कंपनी के ट्रूप कमांडर जितेंद्र कनौजिया ने नीमच से मंदसौर तक 60 किलोमीटर साइकलिंग की। रैली को एनसीसी यूनिट से कमान अधिकारी कर्नल रिजवान खान ने नीमच से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान साइकिल रैली में नीमच के कैडेट्स शामिल हुए, जो नीमच बाइपास तक साथ रहे। बाइपास से नायब सूबेदार जयराम, सीएचएम राजेंद्र सिंह, कैडेट सूरज माली, रोहित माली, माधव माली द्वारा पायलटिंग के साथ ट्रूप कमांडर जितेंद्र कनौजिया ने मंदसौर तक साइकलिंग की। साइकिल रैली का मल्हारगढ़ सीएम राइस स्कूल में प्राचार्य मनीष गौड़ एवं विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वागत किया।
इस दौरान ट्रूप कमांडर कनौजिया ने सभी को रैली के उद्देश्य के बारे में जानकारी दी। साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक, पर्यावरण संरक्षण व सांस्कृतिक विरासत संरक्षण के प्रति भी जागरुक किया। बाद में कनौजिया साइकलिंग करते हुए मंदसौर बाइपास पहुंचे, यहां 20 एनसीसी कैडेट्स ने साइकलिंग ज्वाइन की और कनौजिया के साथ मंदसौर के गांधी चौराहा पहुंचे। यहां पूर्व न्यायाधीश रघुवीर सिंह चुंडावत, लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल क्रमांक 2 विद्यालय प्राचार्य धर्मपाल सिंह देवड़ा, जिला माउंटेनियरिंग संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष विजय सिंह पुरावत, उपाध्यक्ष सचिन जैन आदि ने कनौजिया का स्वागत किया।
ट्रूप कमांडर जितेंद्र कनौजिया ने बताया कि फरवरी 2024 में लेह लद्दाख से कन्याकुमारी तक सिंगल यूज प्लास्टिक, पर्यावरण संरक्षण व सांस्कृतिक विरासत संरक्षण के लिए एक साइकिल रैली निकालकर अभियान चलाया जाएगा, जो लगभग 4,000 किलोमीटर की दूरी तय करेगा। इसकी मंजूरी के लिए मैंने डीजी एनसीसी को एक पत्र भी लिखा है। यह अभियान नीमच एनसीसी, इंदौर ग्रुप मुख्यालय, डीजी एनसीसी नई दिल्ली और मध्यप्रदेश सरकार द्वारा पूरा किया जाएगा।