मंडला जिले के खटिया थाना क्षेत्र के ग्राम आरोली में घर के आंगन में सो रही महिला पर बाघ ने हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसका उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनी में जारी है। घटना के बाद वन विभाग और कान्हा टाइगर रिजर्व की टीम ने बाघ को ट्रैंकुलाइज कर सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
जानकारी के अनुसार, महिला देर रात अपने घर के आंगन में खटिया पर सो रही थी। इसी दौरान बाघ अचानक आंगन में पहुंचा और महिला पर हमला कर दिया। महिला के बेटे के अनुसार, वह घर के अंदर सो रहा था। मां के चिल्लाने की आवाज सुनकर वह बाहर आया तो बाघ महिला को घसीटता हुआ दिखाई दिया। बेटे के शोर मचाने पर बाघ महिला को छोड़कर मौके से भाग गया। परिजनों ने घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनी पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग और कान्हा टाइगर रिजर्व की टीम ने बाघ की तलाश शुरू की।
पढ़ें: इंडिगो 24 अक्तूबर से बंद करेगी जबलपुर-इंदौर फ्लाइट, चैंबर ने जताई चिंता; जानें क्यों लिया गया फैसला
सर्च ऑपरेशन के दौरान टीम ने बाघ को ट्रैंकुलाइज कर बेहोश किया और सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। रेस्क्यू ऑपरेशन डॉ. संदीप अग्रवाल की निगरानी में किया गया। इस दौरान कान्हा टाइगर रिजर्व के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। रेस्क्यू के बाद बाघ की स्वास्थ्य जांच और प्राथमिक उपचार किया गया। वन विभाग के अनुसार, आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बाघ को जंगल में छोड़ा जाएगा। आरोली गांव कान्हा टाइगर रिजर्व के आसपास का क्षेत्र होने के कारण यहां अक्सर बाघ समेत अन्य वन्यजीवों की मौजूदगी देखी जाती है। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।