मध्यप्रदेश की जीवनदायिनी नर्मदा नदी के उद्गम स्थल अमरकंटक शहर के सभी पात्र लोगों को कोरोना महामारी से बचाव के टीके की पहली खुराक लग गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शतप्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य पाने के लिए शहर के लोगों को बधाई दी है।
अमरकंटक मप्र के अनूपपुर जिले में आता है। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को बताया कि इस मौके पर सीएम चौहान ने कहा कि अमरकंटक ने शतप्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य हासिल कर कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए एक उदाहरण पेश किया है। इस कार्य में समाज के सभी वर्ग के लोगों की सहभागिता प्रशंसनीय है।
सूत्रों ने बताया कि अमरकंटक में कुल 4732 लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक दी गई। अमरकंटक नगर पंचायत क्षेत्र में कुल 15 वार्ड हैं। मतदाता सूची के अनुसार यहां कुल 5055 वोटर हैं। इनमें से 4732 को वैक्सीन की पहली खुराक लग गई है। शेष लोगों में से 47 लोग बीमारी से संक्रमित हैं और 245 शहर के बाहर हैं। 78 लोगों की मृत्यु हो गई है।
अनूपपुर की कलेक्टर सोनिया मीणा के अनुसार जिले में टीकाकरण अभियान उम्रवार चल रहा है। 18 से 44, 45 से 59 व 60 व उससे अधिक उम्र के लोगों को श्रेणीवार टीके लगाए जा रहे हैं। लोग इस अभियान में पूरी शिद्दत से जुटे हैं। रविवार को मप्र में कुल 2,78,67,459 लोगों को टीके लगाए जा चुके थे।