पुलिसकर्मी का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस के सीनियर अधिकारियों की तरफ से मामले की जांच शुरू कर दी गई है। महिला अपनी खराब हुई फसल की शिकायत लेकर थाना पहुंची थी। जांच के बाद अधिकारी कार्रवाई की बात कह रहे है।
नीमच जिले के कुकड़ेश्वर थाना पुलिस का एक वीडियो तेजी के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहा है। हालांकि, मध्य प्रदेश सरकार ने पुलिस को अपनी कार्यप्रणाली सुधारने की सख्त हिदायत दे रखी है, उसके बाद भी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही है। नीमच थाना में तैनात एक सब इंस्पेक्टर महिला को भदी-भदी गालियां दे रहा है। यहां तक की महिला को पुलिसकर्मी जेल भेजने की भी धमकी दे रहा है।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, सब इंस्पेक्टर का महिला को गोलियां देते हुए वायरल वीडियो एक माह पुराना बताया जा रहा है। पीड़ित महिला की खड़ी फसल पर उसके सास ससुर ने कीटनाशक का छिड़काव कर दिया। कीटनाशक के छिड़काव से उसकी फसल खराब हो गई। इसकी शिकायत दर्ज कराने महिला पुलिस थाने पहुंची थी। आरोप है कि उसकी सुनने के बजाय थाने में मौजूद पुलिसकर्मी ने गाली देनी शुरू कर दी। आरोप है कि महिला को उसके परिजनों की मौजूदगी में पुलिसकर्मियों ने गंदी-गंदी गालियां दीं। विरोध करने पर महिला को सब इंस्पेक्टर ने मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की धमकी दी। बताया गया है कि फरियाद लेकर पहुंची महिला और उसके पति के खिलाफ थाने में धारा 341, 294, 506 के तहत मुकदमा दर्ज होना बताया जा रहा है।
नीमच एसपी सूरज कुमार वर्मा के मुताबिक, पति-पत्नी पर प्रताड़ना का आरोप लगा है। दोनों ने उलटा सब इंस्पेक्टर से अभद्र व्यवहार किया था। पूरे मामले की जांच मनासा एसडीओपी को सौंपी गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।